खतौली/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। जिला मुख्यालय स्थित जिला पंचायत सभागार में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन द्वारा “ग्रामीण पत्रकारिता एक जोखिम भरा कार्य” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि पहले पत्रकारिता शहरों तक सीमित थी, लेकिन अब यह गांव-गांव तक पहुंच चुकी है। उन्होंने पत्रकारिता को सच्ची समाजसेवा बताते हुए कहा कि इसमें संघर्ष और जोखिम दोनों शामिल हैं। किसी भी समाचार का महत्व तभी है जब उसके समाधान की दिशा भी सामने आए। उन्होंने सोशल मीडिया और यूट्यूब के दौर में खबरों को सत्यापित कर ही प्रसारित करने की अपील की।
पत्रकार समाज का आईना, निष्पक्षता सबसे बड़ी ताकत
विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने पत्रकारों को समाज का आईना बताते हुए कहा कि वे जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सहारनपुर के जिलाध्यक्ष आलोक तनेजा ने कहा कि पत्रकारों को अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन साहस और निष्पक्षता उनकी सबसे बड़ी ताकत है। मंडल अध्यक्ष ओमवीर सिंह ने ग्रामीण पत्रकारिता को देश के विकास की रीढ़ बताते हुए सुरक्षा, सशक्तिकरण और आर्थिक मजबूती के लिए ठोस कदम उठाने पर जोर दिया।
बड़ी संख्या में पत्रकार रहे मौजूद
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
संगोष्ठी को आनंद प्रकाश, संजीव चौधरी, संजीव तोमर और तरुण पाल ने भी संबोधित किया। संचालन रोहिताश कुमार वर्मा ने किया तथा जिला अध्यक्ष संजय राठी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में खतौली, बुढ़ाना, पुरकाजी, मीरापुर, जानसठ, मोरना, भोपा, ककरौली, चरथावल, सिसौली और शाहपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों पत्रकारों ने भाग लिया।
