मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशान गौड़ सिटी सोसाइटी के निवासी, न्यायालय की शरण लेने का अल्टीमेटम

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Residents of Gaur City Society troubled due to lack of basic facilities, ultimatum to take refuge in the court IMAGE CREDIT TO REPORTER

रबूपुरा/ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के मिर्जापुर गांव के पास स्थित गौड़ सिटी सोसाइटी के निवासी लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। बिल्डर प्रबंधन की कथित मनमानी से आक्रोशित सोसाइटीवासियों ने शुक्रवार को बैठक कर अपनी पीड़ा सार्वजनिक की और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग उठाई।

बिल्डरों का मनमाना दंड: खरीदारों पर बढ़ता आर्थिक और सुविधाओं का दबाव

बैठक में मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि बिल्डर बिना किसी ठोस आधार के मेंटनेंस शुल्क वसूल रहा है, जिससे बायर्स पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। सोसाइटीवासियों का कहना है कि बिल्डर न तो रेरा के निर्देशों का पालन कर रहा है और न ही न्यायालय के आदेशों को गंभीरता से ले रहा है। निर्माण कार्य में देरी के नाम पर प्रबंधन द्वारा लाखों रुपये की कथित निर्माण दंड राशि मांगी जा रही है। यह राशि न देने पर बायर्स को अनापत्ति प्रमाण पत्र और बिजली कनेक्शन जैसी आवश्यक सुविधाओं से वंचित किया जा रहा है।

सोसाइटी की स्थिति दिन प्रतिदिन बदतर होती जा रही है। जगह जगह कूड़े का ढेर लगा है, कई स्थानों पर सीवर का गंदा पानी उफनकर सड़कों पर बह रहा है। सड़कें टूट फूट का शिकार हैं, नालियों का निर्माण अधूरा है और पाइपलाइन से जुड़े कार्य भी अब तक पूरे नहीं किए गए हैं। बिजली, पानी, सड़क और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

WhatsApp Image 2025 12 18 at 7.42.38 PM 6

सोसाइटीवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार बिल्डर प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन समस्याओं के समाधान के बजाय उनकी बात तक सुनने से इनकार किया जा रहा है। इससे लोगों में भारी नाराजगी व्याप्त है।

बैठक में बायर्स ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे बिल्डर के खिलाफ न्यायालय का दरवाजा खटखटाने को मजबूर होंगे। बैठक में विपिन त्यागी, सुरेन्द्र भाटी, मिथलेश शर्मा, अतुल यादव, पुनीत कुमार, संदीप मुदगल, अतुल चौहान, सेवकराम सिंह और अनिल चौधरी सहित बड़ी संख्या में सोसाइटी के लोग उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment