गाजियाबाद (शिखर समाचार)। बढ़ती गर्मी को देखते हुए नगर निगम ने शहरवासियों और राहगीरों को राहत देने के लिए सार्वजनिक स्थलों पर अस्थाई प्याऊ की व्यवस्था की है। पांचों जोन में 50 से अधिक स्थानों पर मटकों के माध्यम से शुद्ध और शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे राहगीरों, रिक्शा चालकों और यात्रियों को बड़ी राहत मिल रही है।
नगर निगम द्वारा ऐसे स्थानों का चयन किया गया है, जहां लोगों का आवागमन अधिक रहता है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर जलकल विभाग की टीम ने शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर मटके वाले प्याऊ स्थापित किए हैं। इन प्याऊ पर दिन में कई बार पानी भरने की व्यवस्था की गई है, ताकि निरंतर पेयजल उपलब्ध रहे।
गर्मी में राहगीरों को राहत देने की पहल
नगर आयुक्त ने बताया कि तेज गर्मी में सड़क पर चलने वाले लोगों को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है। मटकों को सुरक्षित रखने के लिए कैनोपी लगाई गई है और उनकी नियमित सफाई व भराव का कार्य किया जा रहा है। साथ ही, कुछ स्थानों पर लोगों को पानी पिलाने के लिए कर्मियों की भी तैनाती की गई है। आवश्यकता के अनुसार इन अस्थाई प्याऊ की संख्या और बढ़ाई जाएगी।
विभिन्न जोनों में व्यापक व्यवस्था
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद ने जानकारी दी कि सिटी जोन, इंदिरापुरम, विजयनगर, कवि नगर, वसुंधरा और मोहन नगर क्षेत्रों में प्रमुख स्थानों जैसे बाजार, अस्पताल, रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन, चौक-चौराहों और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में प्याऊ लगाए गए हैं।
आगे और विस्तार की योजना
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में जरूरत के अनुसार अन्य स्थानों का चयन कर वहां भी पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, विशेष रूप से स्कूल, अस्पताल, बस अड्डों और बैंक जैसे स्थानों पर, जहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है।
