गाजियाबाद (शिखर समाचार)। पटेल नगर स्थित मदर लैब स्कूल में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक नवीन गर्ग ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने देश की एकता, अखंडता और सम्मान बनाए रखने का संकल्प लिया।
विद्यार्थियों ने लिया जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प
प्रधानाचार्य प्रीति गर्ग ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उपप्रधानाचार्य नीतू राठी ने भी बच्चों को राष्ट्रप्रेम और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।
तिरंगा रैली में गूंजे देशभक्ति के नारे
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, कविताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को नमन किया। इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर भव्य तिरंगा रैली निकाली। रैली में बच्चों ने देशभक्ति के नारे लगाते हुए लोगों को राष्ट्रप्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश दिया। तिरंगों से सजी रैली ने क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बना दिया।
शिक्षकों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं रजनी त्यागी, आशा सिंह, संपदा त्यागी सहित अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बच्चों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को राष्ट्रहित में ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य करने का संदेश दिया गया।
