गाजियाबाद (शिखर समाचार)। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू रविवार को गाजियाबाद के इन्दिरापुरम स्थित शक्ति खण्ड-2 में निर्मित यशोदा मेडिसिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति के गाजियाबाद आगमन को लेकर डीएम रविंद्र कुमार और पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ ने अधिकारियों सहित निरीक्षण किया। इतना ही नहीं आलोक प्रियदर्शी, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/यातायात ने वीवीआईपी आगमन को लेकर पुलिस अधिकारीगण व कर्मचारीगण को अस्पताल परिसर में ही ब्रीफ किया। इस दौरान उन्हें सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। आपको बता दे कि राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू इन्दिरापुरम स्थित शक्ति खण्ड-2 में निर्मित यशोदा मेडिसिटी में हॉस्पिटल का उद्घाटन करेंगी। कार्यक्रम में महामहिम राज्यपाल उत्तर प्रदेश आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उप-मुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केन्द्रीय राज्य मंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अनुप्रिया पटेल सहित अनेक अतिथियों उपस्थिति होंगे। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर लगातार मंडल स्तर के अधिकारी भी हॉस्पिटल परिसर का निरीक्षण कर रहे है। निरीक्षण के दौरान समस्त व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों, पार्किंग व्यवस्था, अतिथियों के आगमन मार्ग, मंच व्यवस्था एवं आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों का भी निरीक्षण करते हुए उन्हें मजबूत रखने की हिदायत दे रहे है।

