श्रावण शिवरात्रि और कांवड़ यात्रा की तैयारियों में तेजी, जिलाधिकारी ने समयबद्ध व्यवस्था पूरी करने के दिए निर्देश

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Four Historic Gates of Ghaziabad to Be Beautified, Municipal Corporation Prepares Comprehensive Plan IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

हापुड़ (शिखर समाचार)। आगामी श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी कविता मीना, पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह तथा अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया जा चुका है। उन्होंने निर्देश दिए कि पूरे मार्ग पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी तथा पर्याप्त पुलिस और पीएसी बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए गए।

कांवड़ मार्गों पर सफाई, प्रकाश और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

नगर पालिका, नगर पंचायत और जिला पंचायत राज विभाग को कांवड़ मार्ग, शिविर स्थलों और घाटों पर नियमित सफाई, चूना छिड़काव, मोबाइल शौचालय और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मार्गों को गड्ढामुक्त रखने और जलभराव की समस्या का समय रहते समाधान करने को कहा गया।

जल निगम तथा नगर पालिका परिषदों के अधिशासी अधिकारियों को पाइपलाइन कार्य, क्षतिग्रस्त सड़कों और जलभराव पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

आपात सेवाओं और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कांवड़ मार्ग पर स्वास्थ्य शिविर स्थापित करने, पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पताल में आपातकालीन सेवाएं, एंटी-वेनम, एंटी-रेबीज और जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।

अधिशासी अभियंता विद्युत को लटकते एवं जर्जर बिजली तारों को तत्काल ठीक कराने, बिजली के खंभों पर सुरक्षा के लिए अस्थायी काली पॉलीथिन टेपिंग कराने तथा शिविरों को नियमानुसार अस्थायी विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने को कहा गया। अग्निशमन विभाग को प्रत्येक शिविर स्थल पर अग्निशमन वाहन और उपकरणों के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए गए।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/

जिला+ अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) को होटल, ढाबों, फल एवं खाद्य सामग्री विक्रेताओं की सघन जांच करने तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एवं यातायात पुलिस को भारी वाहनों का प्रभावी रूट डायवर्जन लागू करने, पार्किंग स्थल चिन्हित करने और जाम की स्थिति रोकने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिला स्तर पर 24 घंटे संचालित होने वाला एकीकृत नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी कविता मीना ने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, प्लास्टिक का प्रयोग न करने तथा जनपदवासियों से कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में सहयोग की अपील की

Share This Article
Leave a comment