हरिद्वार (शिखर समाचार)। अगले वर्ष हरिद्वार में होने वाले कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर शासन-प्रशासन ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। सचिव शहरी विकास उत्तराखंड नितेश कुमार झा ने गुरुवार को हरिद्वार पहुंचकर उत्तराखंड निवेश एवं आधारिक संरचना बोर्ड के अंतर्गत उत्तराखंड परियोजना विकास एवं निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीसीआर सभागार में हुई बैठक में हर की पैड़ी पुनर्विकास, रोड़ीबेलवाला क्षेत्र पुनरोद्धार एवं विकास तथा उत्तरी हर की पैड़ी क्षेत्र विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इन परियोजनाओं के तहत घाटों और मार्गों का सुधार, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा, जनसुविधाओं का विकास, भीड़ प्रबंधन, विक्रय क्षेत्र, जल निकासी एवं सीवरेज व्यवस्था, पार्किंग, आस्था पथ तथा आकस्मिक निकासी मार्ग विकसित किए जा रहे हैं।
15 दिसंबर तक जरूरी कार्य पूरे करने के निर्देश
सचिव ने घाटों के सुधार, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अन्य सभी आवश्यक कार्य 15 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कुंभ से जुड़ी परियोजनाओं में बनने वाले भवनों और अन्य अवसंरचनाओं के बाहरी स्वरूप में हरिद्वार और कुंभ की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप रंग संयोजन एवं विषयगत एकरूपता सुनिश्चित करने को कहा।
घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए उपयुक्त रेलिंग लगाने तथा पहले से लगी रेलिंग की सुरक्षा जांच कराने के निर्देश भी दिए गए। हर की पैड़ी क्षेत्र में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और घाटों के सुधार पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने और प्रत्येक सप्ताह शासन स्तर पर प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए।
कुंभ क्षेत्र पांच जोन और 32 सेक्टरों में विभाजित
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है और बड़ी परियोजनाओं के स्थलों पर दिन-रात कार्य कराया जा रहा है। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने बताया कि कुंभ क्षेत्र को पांच जोन और 32 सेक्टरों में बांटकर व्यवस्थाओं की कार्ययोजना तैयार की गई है।
बैठक के बाद सचिव ने रोड़ीबेलवाला पुनर्विकास, एडमिन रोड तथा शिवमूर्ति चौराहे के सुधार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
