बिजनौर (शिखर समाचार)। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में तीन दिवसीय फील्ड प्रशिक्षक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) देवेंद्र पाल सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर का उद्देश्य नगरीय क्षेत्र में जनगणना कार्य को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशिक्षकों को तैयार करना है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 145 फील्ड प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि पहले दिन लगभग 138 प्रशिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
जनगणना के महत्व और प्रक्रियाओं की दी जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने उपस्थित प्रशिक्षकों को संबोधित करते हुए जनगणना के महत्व और इसकी विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसे पूरी निष्ठा, समर्पण और एकाग्रता के साथ पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षकों को स्वयं गणना करने की प्रक्रिया के साथ ही क्षेत्रीय कार्यों की तकनीकी एवं व्यावहारिक बारीकियों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। उन्होंने प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का सही ढंग से उपयोग करते हुए जनगणना कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराने पर जोर दिया।
छह विषय विशेषज्ञों ने प्रशिक्षकों को दिया प्रशिक्षण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
शिविर में विषय विशेषज्ञों रचना कपूर, तेजवीर सिंह, कनिका गुप्ता, मुकेश त्यागी, मनोज यादव और ब्रजेश कुमार ने प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी रामपाल सिंह यादव, कर अधीक्षक नरेंद्र पाल सिंह, अवर अभियंता (जल) गौरव शर्मा, कर निरीक्षक सुंदरलाल और जनगणना लिपिक नदीम अहमद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
