शामली (शिखर समाचार): विधायक प्रसन्न चौधरी ने विधानसभा में किसानों, खिलाड़ियों और नागरिकों की समस्याएं उठाईं शामली सदर विधायक प्रसन्न चौधरी ने विधानसभा सत्र में जनपद शामली और आसपास के क्षेत्रों के किसानों, खिलाड़ियों और आम नागरिकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने चौगामा क्षेत्र से गुजरने वाली कलरपुर नहर में पर्याप्त पानी न पहुंचने की बात कही, जिससे किसानों को सिंचाई का लाभ नहीं मिल रहा और फसल उत्पादन प्रभावित हो रहा है। विधायक ने सरकार से मांग की कि गंग नहर का कुछ पानी कलरपुर नहर में छोड़ा जाए, ताकि क्षेत्र के किसानों को पर्याप्त जल मिल सके।
औद्योगिक प्रदूषण और गंदे पानी का मुद्दा
विधायक ने शामली औद्योगिक क्षेत्र से निकलने वाले कारखानों के रासायनिक और गंदे पानी का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बिना शोधन का दूषित पानी खुले में छोड़ा जा रहा है, जिससे खेत, जलस्रोत और आबादी प्रभावित हो रही है। उन्होंने पक्के नाले का निर्माण कर इस समस्या का समाधान करने की मांग की। प्रदूषित पानी के कारण आसपास के इलाकों में गंभीर बीमारियों और कैंसर जैसी खतरनाक बीमारियों के बढ़ने की आशंका जताई।
ग्रामीण खेल सुविधाओं की जरूरत
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
खेल सुविधाओं पर बोलते हुए विधायक ने राज्य सरकार की गांव-गांव मिनी स्टेडियम योजना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अधिकतर गांवों में 15 बीघा जमीन उपलब्ध नहीं होती, जिससे मिनी स्टेडियम का निर्माण अटक जाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आग्रह किया कि जहां जमीन उपलब्ध नहीं है, वहां भूमि अधिग्रहण कर स्टेडियम निर्माण की व्यवस्था की जाए, ताकि ग्रामीण खिलाड़ी बेहतर सुविधाओं का लाभ उठाकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।
