ग़ाज़ियाबाद (शिखर समाचार)। जेल में बंद कुख्यात बदमाश दीपक के नाम पर पचायरा/नौरसपुर खनन पट्टे पर फायरिंग करके रंगदारी मांगने वाले दो बदमाश शिवा और अरमान को क्राइम ब्रांच और थाना ट्रोनिका सिटी पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से एक 32 बोर की अवैध पिस्टल, एक तमंचा, 7 कारतूस, घटना में इस्तेमाल एक मोबाइल फोन और बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट कार बरामद की। एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पीड़ित सुमित बंसल ने थाना ट्रोनिका सिटी में शिकायत दी थी कि पचायरा/नौरसपुर खनन पट्टे पर दिल्ली की मंडोली जेल में बंद दीपक लगातार 3 लाख रुपए और रोजाना 6 से 7 ट्रक बालू भरवाने की रंगदारी मांग रहा था। विरोध करने पर दीपक ने अपने साथियों को 1 दिसंबर की दोपहर खनन प्वाइंट पर भेजकर फायरिंग करवाई थी। फायरिंग करने के बाद आरोपी उसको धमकाते हुए फरार हो गए थे। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। उन्होंने बताया कि सोनिया विहार पुस्ता रोड पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि जेल में बंद दीपक के कहने पर ही वह रंगदारी वसूली के लिए गए थे और विरोध होने पर फायरिंग की थी। इसके अलावा शिवा पर दिल्ली, बागपत और गाजियाबाद में लूट, डकैती, गैंगस्टर, हत्या के प्रयास व रंगदारी के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज है, जिसके लिए उसे 6 महीने के लिए जिला बदर भी किया गया था। अरमान के खिलाफ एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज है।
