मृतक की दादी के डांटने का बदला, किशोर की हत्या कर लिया

Rashtriya Shikhar
6 Min Read
“Upset over being scolded by the deceased’s grandmother, the teenager took revenge by murdering him.” IMAGE CREDIT TO POLICE

——–पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, हुक्का पीने वाले ठिकाने पर चला पीला पंजा

जेवर (शिखर समाचार) जेवर पुलिस ने नाबालिग किशोर की हत्या का एक सप्ताह बाद खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मृतक की दादी द्वारा हुक्का पिलाने को लेकर डांट लगाए जाने का बदला लेने के लिए किशोर की हत्या की थी। आरोपियों ने किशोर को हुक्का पिलाने के बहाने बुलाया, अधिक तंबाकू वाला हुक्का पिलाया और बाद में उसका सिर दीवार में मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं गांव में जिस मकान में आरोपी हुक्का पीते थे, वहां जेसीबी मशीन चलाकर कार्रवाई की गई।
गांव बनवारीवास में एक सप्ताह पहले हुई हत्या का खुलासा बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्र और डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने कोतवाली में किया। अधिकारियों ने बताया कि रविभूषण निवासी ग्राम बनवारीवास ने अपने नाबालिग पुत्र गोपाल (15) के 21 मई को घर से लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी थी। इसके बाद 22 मई की रात रोही गांव के पास एक खाली मकान में किशोर का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच के लिए चार टीमों का गठन किया। वैज्ञानिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर नरेश व मोहित निवासी गांव रोही तथा उमेश कुमार निवासी गांव मीरपुर बिहार के नाम प्रकाश में आए, जिनकी तलाश की जा रही थी।

मुठभेड़ के बाद हत्या आरोपी गिरफ्तार

ALSO READ:https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/ghaziabad/news/rera-resolution-day-organized-in-ghaziabad-135727360.html

बुधवार को पुलिस यमुना एक्सप्रेसवे के साबौता अंडरपास के नीचे संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक साबौता की ओर से आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी बाइक मोड़कर साबौता नहर पटरी की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बाइक सवार दो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। बाइक गिरने के बाद पुलिस ने तीनों को दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान नरेश, उमेश कुमार और मोहित के रूप में हुई।

दादी की डांट से नाराज होकर रची हत्या की साजिश

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले मृतक की दादी ने उन पर गोपाल को बहला-फुसलाकर हुक्का पिलाने का आरोप लगाते हुए डांट लगाई थी। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी भी हुई थी। आरोपियों के मन में तभी से बदला लेने की भावना पैदा हो गई थी। आरोपियों ने बताया कि उन्हें लगा कि गोपाल के कारण ही उन्हें अपमानित होना पड़ा और गांव में बदनामी हुई। इसी रंजिश में उन्होंने हत्या की योजना बनाई।
आरोपियों के अनुसार 21 मई को जब गोपाल उनके पास आया तो उन्होंने उसे अधिक तंबाकू वाला हुक्का पिलाया और बाद में रोही गांव के पास स्थित खाली मकान में ले गए। वहां उसका सिर दीवार में मार दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। आरोपियों ने बताया कि जब तक उसकी मौत नहीं हो गई, वे वहीं मौजूद रहे।
अपर पुलिस आयुक्त ने बताया कि मृतक किशोर का पोस्टमार्टम पैनल से कराया गया था और उसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं। मृत्यु का सटीक कारण जानने के लिए बिसरा रासायनिक परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक संसार सिंह, योगेंद्र चौधरी, सोनवीर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

हुक्का पीने वाले ठिकाने पर चला बुलडोजर

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/master-plan-2031-brings-growth-and-investment/

बुधवार को पुलिस गांव में दो जेसीबी मशीन लेकर पहुंची और उस खाली पड़े मकान की दीवारें गिरा दीं, जहां आरोपी हुक्का पीते थे और जहां मृतक को भी बुलाकर हुक्का पिलाया गया था।

मृतक परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/clean-plan-will-be-implemented-drain-gnida/

मृतक परिवार के लोगों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि किशोर की बेरहमी से हत्या की गई थी और उसके कई अंग काटे गए थे। परिजनों का आरोप है कि एक नेता के दबाव में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से छेड़छाड़ की गई है। परिवार ने मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।
पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि जिस मकान पर जेसीबी चलाई गई, वह आरोपी का मकान नहीं था और गांव के किसी अन्य व्यक्ति का था। परिवार का कहना है कि वास्तविक आरोपियों के मकानों पर कार्रवाई नहीं की गई, जबकि निर्दोष व्यक्ति की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया।

Share This Article
Leave a comment