गाजियाबाद (शिखर समाचार)। नंदग्राम थाना क्षेत्र में स्वाट टीम, सर्विलांस टीम नगर जोन तथा थाना नंदग्राम पुलिस की संयुक्त रूप से बदमाशों से मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में स्नैचिंग और लूट की घटनाओं में शामिल दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपियों के कब्जे से दो सोने की टिक्की, दो तमंचे, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए गए।
इसी कड़ी में स्वाट टीम, सर्विलांस टीम नगर जोन और थाना नंदग्राम पुलिस को सूचना मिली थी कि नंदग्राम क्षेत्र में पूर्व में स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले कुछ आरोपी दोबारा इलाके में घूम रहे है और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मोरटी तिराहे पर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने बाइक रोकने के बजाय भागने का प्रयास किया।
पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल
पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बाइक सवार दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़े। पुलिस ने तत्काल दोनों को हिरासत में लेकर उनकी पहचान आरिफ और जुबेर के रूप में की।
लूट और स्नैचिंग की पुरानी वारदातों में शामिल रहे हैं आरोपी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
सहायक पुलिस आयुक्त नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि दोनों आरोपी पूर्व में भी लूट और स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दे चुके है। उनका आपराधिक इतिहास पुलिस के रिकॉर्ड में दर्ज है। आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद सोने की टिक्कियां किस वारदात से संबंधित हैं।
घायल आरोपियों को पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल की जांच करते हुए बरामद हथियार और अन्य सामान को कब्जे में ले लिया। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
