गाजियाबाद (शिखर समाचार)। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए बैठक की। नगर निगम ने पांच प्रमुख स्थलों पर कार्यवाही प्रारंभ की गई, जिसमें मालीवाडा चौक सिटी जोन, काला पत्थर इंदिरापुरम, सीआईएसफ चौक इंदिरापुरम, चौधरी मोड़ सिटी जोन, नागद्वार मोहन नगर जोन को शामिल किया गया है। वायु गुणवत्ता सुधार के लिए जहां गाजियाबाद नगर निगम अभियान के रूप में सड़कों को धूल मुक्त बना रहा है, वही एयर पॉल्यूशन एक्शन ग्रुप के द्वारा सड़कों को जाम मुक्त बनाकर भी वायु गुणवत्ता सुधार के लिए कार्यवाही प्रारंभ कर रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि वायु गुणवत्ता सुधार के लिए जितना पानी का छिड़काव, सड़कों एवं ग्रीन बेल्ट सेंट्रल वर्ज को धूल मुक्त बनाना जरूरी है, उतना ही शहर को जाम मुक्त बनाना भी वायु गुणवत्ता सुधार के लिए जरूरी है। प्रथम चरण में पांच प्रमुख स्थलों का चयन किया गया है, जिसमें मालीवाडा चौक और काला पत्थर रोड पर कार्यवाही प्रारंभ करते हुए ड्रोन सर्वे कराया जाएगा। इसके उपरांत उक्त स्थलों की जाम की समस्या को समझते हुए समाधान की कार्यवाही की जाएगी। जाम वाली सड़कों पर आवश्यक कट या आवश्यक यू टर्न बनाए जाने है या अवैध अतिक्रमण को समाप्त करते हुए रेहड़ी पटरी को व्यवस्थित करने का कार्य किया जाने का निर्णय लेने से पूर्व ड्रोन सर्वे कराया जाना जरूरी है, जिसकी कार्यवाही प्रारंभ की जाएगी। मालीवाडा चौक तथा काला पत्थर रोड के 500 मीटर चारों तरफ ड्रोन सर्वे के माध्यम से वास्तविकता की जानकारी सामने आएगी तथा यातायात विभाग से भी समन्वय स्थापित करते हुए टीम उक्त स्थलों को जाम मुक्त करने पर कार्य करेगी। बैठक में समस्त विभागीय अधिकारियों के साथ प्रेजेंटेशन देखी गई। मौके पर एयर पॉल्यूशन एक्शन ग्रुप से पीयूष खत्री तथा ऋषभ भी उपस्थित रहे।
