शामली (शिखर समाचार)
शहर के चहुंमुखी विकास और सौंदर्यकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए शामली नगर पालिका की बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1 अरब 37 करोड़ रुपये का प्रस्तावित बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता पालिका चेयरमैन अरविंद संगल ने की।
बजट में प्रमुख विकास कार्य
पालिका सभागार में आयोजित बैठक में प्रस्ताव संख्या एक के तहत प्रस्तुत बजट को करतल ध्वनि के साथ मंजूरी प्रदान की गई। चेयरमैन ने कहा कि लगभग 48 करोड़ रुपये की लागत से शहर के प्रमुख मार्गों, नालों और सार्वजनिक स्थलों का व्यापक विकास कराया जाएगा, जिससे शामली की सूरत बदलेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
बैठक में स्व कर निर्धारण प्रणाली के अंतर्गत भवनकर व जलकर जमा करने में आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। जनहित को ध्यान में रखते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 31 मार्च 2026 तक कर अदायगी पर 10 प्रतिशत की छूट देने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। इससे नागरिकों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
बजट में आवंटित राशि और परियोजनाएं
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
चेयरमैन ने बताया कि मुख्य मार्गों के डिवाइडरों के सौंदर्यकरण और प्रकाश व्यवस्था के लिए 2 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वार्ड संख्या 3 और 4 में एक-एक बारात घर के निर्माण पर 2-2 करोड़ रुपये, रविदास मंदिर स्थित सामुदायिक केंद्र की दूसरी मंजिल पर हाल निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये तथा काका नगर में सामुदायिक केंद्र निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
पंडित दीनदयाल योजना के तहत लगभग 4 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जाएंगे। नगरीय पेयजल योजना के अंतर्गत 2 करोड़ रुपये से ट्यूबवेल उपकरण, सबमर्सिबल पंप और स्वचालित पैनल लगाए जाएंगे। मल्टीलेयर पार्किंग के लिए 2 करोड़ रुपये तथा प्रमुख स्थानों पर वाटर कूलर लगाने के लिए 1 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सड़कों के सुदृढ़ीकरण और वार्ड विकास कार्यों के लिए लगभग 15 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई है।
अन्य प्रस्तावित विकास कार्य
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/trans-hindon-cyber-police-40-crore-recovered/
इसके अतिरिक्त पार्कों के सौंदर्यकरण पर 2 करोड़ रुपये, धार्मिक स्थलों के विकास पर 2 करोड़ रुपये, नए बस स्टैंड के निर्माण पर 2 करोड़ रुपये, छात्राओं के लिए डिजिटल लाइब्रेरी हेतु 2 करोड़ रुपये, ओपन जिम के लिए 1 करोड़ रुपये, तिरंगा चौक के विकास पर 1 करोड़ रुपये, पालिका के नए भवन के निर्माण पर 7 करोड़ रुपये तथा नमो पार्क के विकास पर 2 करोड़ रुपये के प्रस्ताव भी पारित किए गए।
बैठक में अधिशासी अधिकारी विनोद सोलंकी सहित सभासद रोबिन गर्ग, साजिद, सेठपाल, गुलजार मंसूरी, संदीप कुमार, बॉबी, निशीकांत संगल और विनोद तोमर आदि उपस्थित रहे।
