आरव शर्मा
मेरठ (शिखर समाचार)। मुख्यालय पुलिस तकनीकी सेवाएं उत्तर प्रदेश द्वारा जारी की गई माह दिसम्बर-2025 की CCTNS रैंकिंग में मेरठ परिक्षेत्र के दो जनपदों ने प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। रैंकिंग में जनपद हापुड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया है, जबकि बुलन्दशहर ने 9वां स्थान प्राप्त कर टॉप-10 की सूची में अपनी जगह बनाई है।
पुलिस की तकनीकी दक्षता का मापदंड: CCTNS रैंकिंग में 16 मानकों के तहत जनपदों का आंकलन
पुलिस उप महानिरीक्षक, मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने बताया कि पुलिस तकनीकी सेवाएं मुख्यालय द्वारा प्रत्येक माह CCTNS के अंतर्गत जनपदों की रैंकिंग जारी की जाती है। इस रैंकिंग के लिए कुल 16 पैरामीटर्स निर्धारित किए गए हैं, जिनमें डेटा सिंक, अपराध विश्लेषण पोर्टल का उपयोग, शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, गिरफ्तार अभियुक्तों एवं गुमशुदा व्यक्तियों की प्रविष्टि सहित अन्य तकनीकी मानक शामिल हैं।
तकनीकी दक्षता में शिखर: हापुड़ ने प्रदेश में पहला स्थान, बुलंदशहर ने 9वां स्थान हासिल कर परिक्षेत्र का नाम रोशन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
दिसम्बर-2025 के आंकड़ों के आधार पर जारी रैंकिंग में हापुड़ जनपद ने सभी मापदंडों पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि बुलन्दशहर जनपद ने 9वां स्थान हासिल कर परिक्षेत्र का नाम रोशन किया। गत माह परिक्षेत्र के सभी जनपदों की CCTNS समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे, जिनका हापुड़ और बुलन्दशहर की टीमों ने प्रभावी ढंग से अनुपालन किया। डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक हापुड़ एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलन्दशहर की सराहना करते हुए कहा कि तकनीकी प्रणाली के बेहतर उपयोग से अपराध नियंत्रण और पारदर्शिता को मजबूती मिलती है। उन्होंने परिक्षेत्र के अन्य जनपदों को भी CCTNS के सभी चयनित पैरामीटर्स पर शत-प्रतिशत फीडिंग सुनिश्चित करने तथा भविष्य में भी तकनीकी मुख्यालय के निर्देशों के अनुरूप निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
