तेज बारिश के बीच दो मकानों पर गिरी आकाशीय बिजली, लाखों का सामान जलकर नष्ट

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Lightning Strikes Two Houses Amid Heavy Rain, Goods Worth Lakhs Destroyed in Fire IMAGE CREDIT TO रिपोर्टर

मोदीनगर (शिखर समाचार)। बुधवार दोपहर तेज बारिश और आकाशीय बिजली की गड़गड़ाहट के बीच नगर के दो अलग-अलग इलाकों में मकानों पर आकाशीय बिजली गिरने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। दोनों घटनाओं में विद्युत फिटिंग और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर नष्ट हो गए। राहत की बात यह रही कि किसी भी घटना में जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित बच गए।

गोविंदपुरी क्षेत्र की सारा रोड स्थित मानवतापुरी कॉलोनी की गली नंबर चार में रहने वाले हारून के मकान पर दोपहर के समय अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। बाद में जानकारी हुई कि बिजली हारून के मकान पर गिरी है।

मीटर से होते हुए पूरे मकान में फैली बिजली, छत भी हुई क्षतिग्रस्त

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

हारून ने बताया कि आकाशीय बिजली सबसे पहले बिजली के मीटर पर गिरी और वहां से घर की विद्युत वायरिंग के जरिए पूरे मकान में फैल गई। इसके बाद बिजली छत को क्षतिग्रस्त करते हुए बाहर निकल गई। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य एक ही कमरे में मौजूद थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

उन्होंने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से घर की पूरी विद्युत फिटिंग जल गई। इसके अलावा दो एलईडी टेलीविजन, इनवर्टर सहित कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो गए। हारून के अनुसार इस घटना में लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। अचानक हुए तेज धमाके से पूरा परिवार दहशत में आ गया।

विश्वकर्मा बस्ती में भी मकान का छज्जा टूटा, लोगों में बढ़ी चिंता

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

वहीं नगर की विश्वकर्मा बस्ती में मोनू चौधरी के मकान पर भी आकाशीय बिजली गिर गई। इससे मकान का छज्जा क्षतिग्रस्त हो गया और घर में रखे कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो गए।

लगातार हो रही बारिश के बीच एक ही दिन में दो स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बारिश और बिजली कड़कने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।

Share This Article
Leave a comment