गढ़मुक्तेश्वर/हापुड़ (शिखर समाचार)। गढ़ नगर के शाहपुर मार्ग स्थित डीएम पब्लिक स्कूल का परिसर शुक्रवार को खेलों के उल्लास से गूंज उठा, जब दो दिवसीय विधायक खेल महोत्सव का आगाज़ हरेन्द्र सिंह तेवतिया ने गुब्बारे उड़ाकर किया। मैदान पर उमड़े बच्चों और युवाओं के जोश ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया।
अठारह सौ प्रतिभागियों के साथ रंगीन खेल महोत्सव—एथलेटिक्स से कुश्ती तक हर मुकाबले में रोमांच
इस महोत्सव में आसपास की ग्राम पंचायतों से लेकर विभिन्न स्कूलों तक के लगभग आठ सौ प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर प्रतियोगिता को भव्य रूप दिया। कार्यक्रम की शुरुआत के साथ ही अलग-अलग मैदानों पर एथलेटिक्स, कबडडी, जूडो, बैडमिंटन, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कुश्ती और वेटलिफ्टिंग के मुकाबले शुरू हो गए। महिला और पुरुष दोनों वर्गों में हो रहे संघर्षपूर्ण मुकाबलों ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
आयोजन स्थल पर संस्था के चेयरमेन राजेन्द्र सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी ऋषि कुमार, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी रानू धारीवाल, अंकित सर्वोत्तम, दिनेश गर्ग सहित अन्य जिम्मेदार लोग मौजूद रहे। प्रतियोगियों के प्रदर्शन ने कार्यक्रम का स्तर बढ़ाया और विजयी खिलाड़ियों को मंच पर सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।

खेल महोत्सव ने न केवल प्रतिभाओं को मंच दिया, बल्कि गढ़ क्षेत्र में खेल संस्कृति को एक नया आयाम भी प्रदान किया, जहां युवा ऊर्जा और अनुशासन का अनूठा संगम देखने को मिला।
