मोदीनगर (शिखर समाचार) बार एसोसिएशन मोदीनगर के सचिव नकुल त्यागी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज होने से अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया। मंगलवार को बड़ी संख्या में वकील एसीपी कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने दर्ज रिपोर्ट से बार सचिव का नाम हटाने की मांग उठाई और कार्रवाई को गलत बताया।
जानकारी के अनुसार मेरठ जनपद के इकला गांव निवासी मुकुल सांगवान ने जमीन के लेनदेन से जुड़े विवाद को लेकर भोजपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी सुमित तथा बार एसोसिएशन के सचिव नकुल त्यागी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। जैसे ही इस मामले में बार सचिव का नाम सामने आया, स्थानीय अधिवक्ता समुदाय ने इसे लेकर नाराजगी जतानी शुरू कर दी।
शिकायत में तथ्य तोड़ने का आरोप, अधिवक्ताओं ने एसीपी कार्यालय पर किया जोरदार प्रदर्शन
वकीलों का आरोप है कि शिकायत में तथ्यों को तोड़ मरोड़कर पेश किया गया है और बिना उचित जांच के नाम शामिल कर लिया गया। इसी मुद्दे को लेकर अधिवक्ता पिछले कई दिनों से विरोध जता रहे हैं। इससे पहले तहसील मुख्यालय में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान भी अधिवक्ताओं ने विरोध दर्ज कराया था। इसके अतिरिक्त कोतवाली पहुंचकर थाना प्रभारी का घेराव भी किया गया था।
मंगलवार को बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ता संगठित होकर जुलूस के रूप में एसीपी भास्कर वर्मा के कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने जमकर नारेबाजी की और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग रखी।
अधिवक्ताओं की चेतावनी के बाद प्रशासन ने आश्वासन दिया, शांत हुए प्रदर्शनकारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक रिपोर्ट से नाम नहीं हटाया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो वे सामूहिक हड़ताल पर जाएंगे और रजिस्ट्री कार्यालय का कार्य भी ठप करा दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
स्थिति को देखते हुए एसीपी ने प्रदर्शन कर रहे वकीलों से बातचीत की और उन्हें शांत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और त्वरित जांच कराई जाएगी तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद अधिवक्ता शांत हुए और वापस लौट गए।
