गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना कौशाम्बी पुलिस ने मुठभेड़ में लूट व स्नैचिंग की घटना करने वाला 1 अभियुक्त सलमान को गिरफ्तार करने का दावा किया है। मुठभेड़ में सलमान के पैर में गोली लगी और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने सलमान के कब्जे से 1 तमंचा, 2 खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त 1 चोरी की स्कूटी, एक आईफोन और एक वीवो का फोन बरामद किया। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि यूपी गेट से आने वाले और सीमान्त विहार जाने वाली रोड पर संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की सघन चेकिंग की जा रही थी। उसी दौरान एक काले रंग की एनटार्क स्कूटी आती हुई दिखाई दी, जिसे रुकने का इशारा किया गया लेकिन चालक ने स्कूटी को नहीं रोकते हुए भागने लगा। उन्होंने बताया कि भागते समय स्कूटी अनियंत्रित होकर गड्ढे में फिसल कर गिर गई तथा बदमाश ने भागते हुए अपने आप को घिरता हुआ देखकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी गई। पुलिस पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम फैसल उर्फ फैजान उर्फ सलमान पुत्र जावेद निवासी सी 6/11 गली नं-1 चौहान बागर जाफराबाद थाना सीलमपुर दिल्ली हाल निवासी टी 239/1 गली नं-4 गौतमपुरी न्युउस्मानपुर दिल्ली उम्र करीब 26 वर्ष बताया। इसके अलावा सलमान के खिलाफ गाजियाबाद सहित एनसीआर क्षेत्र में लूट, स्नैचिंग आदि से सम्बन्धित लगभग दो दर्जन से अधिक मुकदमे पंजीकृत है।
