हापुड़ (शिखर समाचार)। थाना पिलखुवा क्षेत्र के एक गांव की इंटर की छात्रा द्वारा परीक्षा से ठीक पहले गंगनहर में कूदने का मामला सामने आया है। घटना के 24 घंटे बाद भी छात्रा का कोई पता नहीं चल सका है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पुलिस और गोताखोर लगातार तलाश में जुटे हैं। बताया गया कि नहर में कूदने से पहले छात्रा ने अपने भाई को फोन कर मानसिक स्थिति ठीक न होने की बात कही थी।
घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार पिलखुवा क्षेत्र के गांव खेड़ा निवासी पप्पन की 17 वर्षीय बेटी रितु इंटर की छात्रा है और स्थानीय हिंदू कन्या इंटर कॉलेज में पढ़ती है। बुधवार से उसकी इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा शुरू होनी थी और पहला प्रश्नपत्र निर्धारित था। परिवार के अनुसार, रितु मंगलवार दोपहर घर से मॉडल प्रश्नपत्र लेने के बहाने अपनी सहेली के पास जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन बाद में वह मेरठ पहुंच गई।
भाई मोहित ने बताया कि शाम के समय बहन का फोन आया, जिसमें उसने कहा कि उसका दिमाग ठीक से काम नहीं कर रहा और वह मेरठ पहुंच गई है। फोन लोकेशन के आधार पर वह सरधना क्षेत्र स्थित गंगनहर के पास थी। कुछ समय बाद उसी स्थान के पास एक गुमटी संचालक का फोन आया, जिसने सूचना दी कि छात्रा नहर में कूद गई है।
पुलिस और परिवार की प्रतिक्रिया
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
सूचना मिलते ही परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस टीम ने गोताखोरों को बुलाकर गंगनहर में तलाश अभियान शुरू कराया। देर रात तक और अगले दिन भी कई घंटों तक खोजबीन चलती रही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक छात्रा का कोई सुराग नहीं लग सका।
घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का कहना है कि छात्रा पढ़ाई में सामान्य थी, हालांकि परीक्षा को लेकर तनाव में जरूर थी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और नहर में लगातार तलाश अभियान जारी है। आसपास के क्षेत्रों को भी सतर्क कर दिया गया है ताकि कोई सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
