हरिद्वार (शिखर समाचार)। आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के लिए मेला प्रशासन ने अवस्थापना विकास से जुड़ी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने की कवायद तेज कर दी है। मेलाधिकारी सोनिका ने मंगलवार को सीसीआर सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों और विभिन्न व्यवस्थाओं की परियोजनावार समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ के लिए स्वीकृत सभी परियोजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समय से पूरा कराया जाए। आवश्यकता पड़ने पर महत्वपूर्ण परियोजनाओं में अतिरिक्त मानवशक्ति और मशीनरी लगाकर दिन-रात काम कराया जाए।
मेलाधिकारी ने सड़कों, पुलों और घाटों के निर्माण व मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रत्येक परियोजना की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। अधिकारियों से प्रतिदिन की कार्य प्रगति का विवरण छायाचित्रों सहित उपलब्ध कराने को कहा गया। उन्होंने कहा कि तकनीकी या प्रशासनिक समस्या के कारण किसी भी परियोजना में विलंब नहीं होना चाहिए और ऐसी बाधाओं का तत्काल समाधान किया जाए।
निर्माण में गुणवत्ता और सुरक्षा से समझौता नहीं
उन्होंने निर्माण कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने, सड़कों व घाटों के आसपास से अतिक्रमण हटाने तथा आवागमन को सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण में गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी स्तर पर समझौता न करने को कहा। सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों, सुरक्षा प्रावधानों और गुणवत्तापूर्ण सामग्री के साथ कराए जाएं तथा गुणवत्ता नियंत्रण के लिए स्वतंत्र तकनीकी जांच समयबद्ध तरीके से पूरी हो।
मेलाधिकारी ने सीसीआर-2 के निर्माणाधीन भवन की संरचनात्मक मजबूती की जांच भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रुड़की के साथ केंद्रीय भवन निर्माण अनुसंधान संस्थान से भी कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा पौधरोपण, हरित क्षेत्र विकास और सौंदर्यीकरण को भी परियोजनाओं का हिस्सा बनाने को कहा।
श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक व्यवस्था प्राथमिकता
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
बैठक में पुलिस, होमगार्ड, प्रांतीय रक्षक दल, विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। मेलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्ययोजनाओं को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना मेला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में कुंभ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल, नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष दत्त, अधीक्षण अभियंता मनोज भट्ट, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन निखिल शर्मा, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
