आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)
गाजियाबाद में ऑनलाइन धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों को देखते हुए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के सभागार में आईसीआईसीआई बैंक लिमिटेड द्वारा ऑनलाइन फ्रॉड जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 19 जनवरी 2026 को दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक जीडीए कार्यालय के प्रथम तल स्थित कॉन्फ्रेंस रूम में संपन्न हुआ, जिसमें प्राधिकरण के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
साइबर ठगों के नए हथकंडों पर खुलासा, जरा-सी चूक बन सकती है बड़ी आर्थिक तबाही
कार्यक्रम में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल वित्त नियंत्रक, सचिव सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। आईसीआईसीआई बैंक के विशेषज्ञ अधिकारियों ने साइबर अपराध के नए तरीकों, ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी और लिंक के माध्यम से होने वाली ठगी के मामलों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार थोड़ी सी लापरवाही भारी आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है।
सत्र के दौरान डिजिटल लेन-देन को सुरक्षित रखने के उपायों पर विशेष जोर दिया गया। बैंक अधिकारियों ने कर्मचारियों को आगाह किया कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या मैसेज पर तुरंत प्रतिक्रिया न दें और अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। साथ ही साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत संबंधित बैंक और साइबर सेल से संपर्क करने की सलाह दी गई।
सवाल-जवाब में दूर हुईं शंकाएं, प्रतिभागियों ने बताया समय की सबसे बड़ी जरूरत
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/greater-noida-road-safety-alert-authority/
कार्यक्रम में प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपनी शंकाएं रखीं और विशेषज्ञों से समाधान प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने इस सत्र को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक और वर्तमान समय की आवश्यकता बताया।
अंत में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की ओर से ऑनलाइन फ्रॉड के प्रति जागरूकता फैलाने की इस पहल के लिए आईसीआईसीआई बैंक लिमिटेड का आभार व्यक्त किया गया और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

