गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाईलैंड के ईस्टर्न नेशनल ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित आठवे हीरोज कप अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भारत ने ऐतिहासिक सफलता दर्ज की। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में गाज़ियाबाद के खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से न केवल मेडल जीते, बल्कि देश का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। भारतीय टीम का नेतृत्व अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी और गाज़ियाबाद नगर निगम के ब्रांड एम्बेसडर अतुल राघव ने किया। इसी के साथ मुख्य टीम इंडिया कोच हर्ष चौधरी ने खिलाड़ियो की रूप रेखा रखी। टीम में शामिल खिलाड़ियों ने कठिन प्रतिस्पर्धा के बावजूद उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में 20 से अधिक देशों के 3500 से ज्यादा खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें भारत की टीम ने पहली बार उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
गाज़ियाबाद के ताइक्वांडो सितारे चमके — अंतरराष्ट्रीय मंच पर 7 खिलाड़ियों ने जीते 7 मेडल, हर्ष चौधरी की मेहनत रंग लाई
टीम के कोच और क्रिप्टन ताइक्वांडो अकादमी के प्रमुख हर्ष चौधरी, जो स्वयं भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके है। उन्होंने बताया कि भारतीय दल में 23 खिलाड़ी शामिल थे, जिनमें से 7 खिलाड़ी उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद ज़िले से थे। सभी ने अपनी मेहनत और लगन से मेडल हासिल किए।गाज़ियाबाद के पदक विजेता खिलाड़ी निखिल कुमार- गोल्ड मेडल, भव्य सिंह- सिल्वर मेडल, दक्ष पुनिया- ब्रॉन्ज मेडल, प्रणय चौधरी- ब्रॉन्ज मेडल, तन्वी- सिल्वर मेडल, प्रखर श्रीवास्तव- ब्रॉन्ज मेडल और तनुश्री बिष्ट-सिल्वर मेडल प्राप्त हुआ।
गौरवमय सफलता पर कोच हर्ष चौधरी का संदेश — मेहनत और समर्पण से वैश्विक मुकाम संभव, गाज़ियाबाद ताइक्वांडो का भविष्य उज्ज्वल
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
कोच हर्ष चौधरी ने कहा कि यह उपलब्धि गाज़ियाबाद और पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है। हमारे खिलाड़ियों ने साबित कर दिया है कि मेहनत और सही प्रशिक्षण से वैश्विक स्तर पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। अतुल राघव ने भी इस सफलता को गाज़ियाबाद में ताइक्वांडो के बढ़ते प्रभाव और खिलाड़ियों की समर्पण भावना का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि आने वाले समय में और भी खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर लाने की प्रेरणा बनेगी।

