ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)।
ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 11 से 13 अगस्त तक आयोजित होने वाले इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 तथा प्रस्तावित अति विशिष्ट अतिथियों के आगमन को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, चिकित्सा, अग्निशमन, कानून-व्यवस्था और अतिथि प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होंगे देश-विदेश के प्रतिनिधि और निवेशक
बैठक में बताया गया कि तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में देश-विदेश के प्रतिनिधि, उद्योग विशेषज्ञ, निवेशक और नीति-निर्माता शामिल होंगे। आयोजन के पहले दिन प्रदर्शनी का शुभारंभ और तकनीकी सत्र होंगे, जबकि दूसरे दिन मुख्य कार्यकारी अधिकारियों की गोलमेज बैठक, निवेश, ग्रीन हाइड्रोजन, संपीड़ित बायोगैस, एथेनॉल, बायोडीजल, सतत विमानन ईंधन, अपशिष्ट से ऊर्जा, बायोमास और कार्बन बाजार जैसे विषयों पर मंथन किया जाएगा।
समापन दिवस पर भविष्य की कार्ययोजना और निवेश साझेदारी पर चर्चा होगी।
15 हजार से अधिक व्यावसायिक आगंतुकों के पहुंचने की संभावना
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में 25 से अधिक सम्मेलन सत्र, 120 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय वक्ता, 150 से अधिक प्रदर्शक, एक हजार से अधिक प्रतिनिधि तथा 15 हजार से अधिक व्यावसायिक आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।
