स्वतंत्रता दिवस : वेवसिटी क्षेत्र में एसीपी प्रिया श्रीपाल के नेतृत्व में चला सघन चेकिंग अभियान

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Independence Day: Intensive Checking Drive Conducted in Wave City Area Under the Leadership of ACP Priya Shripal IMAGE CREDIT TO पुलिस

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। गुरुवार को सहायक पुलिस आयुक्त वेवसिटी प्रियाश्री पाल के नेतृत्व में थाना वेवसिटी क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा जांच एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न मॉल, ढाबों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस टीमों ने सघन चेकिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

मॉल, ढाबों और सार्वजनिक स्थलों पर सघन चेकिंग

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

सुरक्षा अभियान में बीडीडीएस टीम, एएस चेक टीम, डॉग स्क्वाड तथा थाना वेवसिटी पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। टीमों ने क्षेत्र के प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद लोगों और आसपास के क्षेत्रों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई। संदिग्ध वस्तुओं तथा व्यक्तियों की गहनता से जांच की गई, ताकि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को समय रहते रोका जा सके।

पुलिस टीमों द्वारा मॉल परिसर, प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग स्थल, ढाबों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों की विशेष रूप से जांच की गई। डॉग स्क्वाड की मदद से संदिग्ध स्थानों और वस्तुओं की पड़ताल की गई। वहीं, बीडीडीएस टीम ने संभावित विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री की आशंका को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुरक्षा जांच की।

प्रतिष्ठान संचालकों को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के निर्देश

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

पुलिस अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों में सुरक्षा इंतजामों की भी समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान एसीपी प्रियाश्री पाल ने संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। प्रतिष्ठानों में आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखने, संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने तथा सुरक्षा उपकरणों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।

पुलिसकर्मियों को भी क्षेत्र में लगातार गश्त करने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर नजर रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए आने वाले दिनों में भी इसी तरह चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हुई है। उन्होंने बताया कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से भी अपील कि वह सतर्क रहें और किसी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

Share This Article
Leave a comment