हरिद्वार (शिखर समाचार)। कुंभ मेला अधिष्ठान की ओर से केंद्रीय नियंत्रण कक्ष परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। मेलाधिकारी सोनिका ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। पुलिस गार्ड की टुकड़ी ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय गीत के गायन के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने, राष्ट्र की प्रगति में सक्रिय योगदान देने तथा आगामी कुंभ मेले को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का संकल्प लिया।
कुंभ मेले को सुरक्षित और सुव्यवस्थित कराने का लिया संकल्प
इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनायकों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मेलाधिकारी सोनिका ने अधिकारियों, कर्मचारियों और मेला कार्यों से जुड़े कार्मिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिवस हमें अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेला-2027 में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में मेला प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।
कुंभ मेला हरिद्वार की संस्कृति और परंपरा दिखाने का अवसर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
उन्होंने कहा कि कुंभ मेला धार्मिक आयोजन के साथ हरिद्वार और उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा, आतिथ्य और व्यवस्थागत क्षमता को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर भी है। सभी कार्मिक टीम भावना से कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएं। समारोह में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी एवं मनजीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक संचार विपिन कुमार, क्षेत्राधिकारी अरुण पाल, अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार सहित अधिकारी, कर्मचारी और श्रमिक मौजूद रहे। संचालन धर्मेंद्र सिंह ने किया। इससे पूर्व सोनिका ने इंद्रमणि बडोनी पार्क में स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में बरगद और नीम के पौधे भी रोपे।
