ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की याचिका समिति के सभापति अशोक अग्रवाल की अध्यक्षता में जनपद गौतमबुद्धनगर से संबंधित छह निर्धारित बिंदुओं की समीक्षा बैठक गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी मेघा रूपम ने सभापति का पुष्पगुच्छ, शाल, स्मृति चिन्ह तथा एक जिला एक उत्पाद के अंतर्गत उत्पाद भेंट कर स्वागत किया।
याचिकाओं के त्वरित निस्तारण पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
बैठक में सभापति के नेतृत्व में नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण, जिला पंचायत तथा जिला पंचायती राज विभाग से जुड़ी याचिकाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि आमजन अपनी समस्याएं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सदन तक पहुंचाते हैं, इसलिए उनका समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
लंबित मामलों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
सभापति ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक याचिका का गंभीरता और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि संबंधित पक्षों को समय पर राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि निस्तारित मामलों की सूचना तत्काल समिति को उपलब्ध कराई जाए, जिससे लंबित प्रकरणों का रिकॉर्ड अद्यतन रखा जा सके।
जिलाधिकारी मेघा रूपम ने बैठक में आश्वासन दिया कि समिति द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में याचिका समिति के सदस्य ऋषि पाल अरोड़ा, चंद शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी, सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी, एडिशनल पुलिस आयुक्त अजय कुमार, नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुमित यादव, मुख्य पंचायत अधिकारी प्रियंका चतुर्वेदी तथा खंड विकास अधिकारी दादरी नेहा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
