ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा निर्मित वेंडिंग जोन में 20 वेंडरों को प्लेटफॉर्म आवंटित कर दिए गए हैं। दादरी विधायक तेजपाल नागर ने प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस और प्रेरणा सिंह की मौजूदगी में पात्र वेंडरों को आवंटन पत्र सौंपे। विधायक ने कहा कि प्राधिकरण की इस पहल से जरूरतमंद लोगों को अपने परिवार के भरण-पोषण का स्थायी साधन मिलेगा और सड़क किनारे रेहड़ी लगाने की जरूरत कम होगी, जिससे यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।
12 सेक्टरों में 769 प्लेटफॉर्म तैयार
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन.जी. रवि कुमार के निर्देशन में रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न सेक्टरों में वेंडिंग जोन विकसित किए गए हैं। सेक्टर अल्फा दो, बीटा एक व दो, सेक्टर 36, ओमीक्रॉन एक ए व तीन, ज्यू दो व तीन, गामा दो, डेल्टा एक व तीन तथा पाई एक व दो समेत 12 सेक्टरों में कुल 769 प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं। अब इन प्लेटफॉर्मों का चरणबद्ध तरीके से आवंटन किया जा रहा है।
सत्यापन के बाद प्रथम चरण में 20 को मिला आवंटन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
प्राधिकरण के नगरीय सेवा विभाग के विशेष कार्याधिकारी मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि पहले चयनित 109 पात्र आवेदकों को प्लेटफॉर्म देने का निर्णय लिया गया था, लेकिन कुछ नामों पर आपत्तियां प्राप्त हुईं। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारियों की समिति द्वारा दोबारा सत्यापन कराया गया। सत्यापन के बाद प्रथम चरण में 20 पात्र आवंटियों को प्लेटफॉर्म देने का निर्णय लिया गया। ये प्लेटफॉर्म सेक्टर अल्फा दो, बीटा दो और सेक्टर 36 में आवंटित किए गए हैं।
वेंडिंग जोन में मिलेंगी मूलभूत सुविधाएं
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/trans-hindon-cyber-police-40-crore-recovered/
वेंडिंग जोन में वेंडरों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्म के साथ शेड भी बनाए गए हैं। इसके अलावा बिजली, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। प्राधिकरण द्वारा आगे भी नए वेंडिंग जोन विकसित कर पात्र वेंडरों को चरणबद्ध तरीके से प्लेटफॉर्म आवंटित किए जाएंगे।
अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा सिंह ने बताया कि जिन सेक्टरों में सभी वेंडिंग प्लेटफॉर्म आवंटित हो जाएंगे, वहां यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए संबंधित क्षेत्र को नो वेंडिंग जोन घोषित किया जाएगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रबंधक राजेश गौतम सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
