युवाओं के खेल और शिक्षण संस्थानों के विकास के लिए जरूरत पड़ी तो एक साल की सांसद निधि लगा दूंगा : जयंत चौधरी

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
If Needed, I Will Allocate One Year’s MP Fund for the Development of Youth Sports and Educational Institutions: Jayant Chaudhary IMAGE CREDIT TO रिपोर्टर

रामपुर मनिहारान/सहारनपुर (शिखर समाचार)। रामपुर मनिहारान के गोचर कृषि इंटर कॉलेज मैदान में गुरुवार को आयोजित स्वाभिमान रैली में किसान, मजदूर और नौजवानों की एकजुटता का संदेश दिया गया। अखिल भारतीय गुर्जर विद्या प्रचारिणी समिति के तत्वावधान में आयोजित रैली को राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने संबोधित किया। उन्होंने शिक्षा, खेल, किसान, मजदूर और युवाओं के हितों को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

युवाओं के खेल और शिक्षण संस्थानों के विकास पर जोर

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों को मजबूत करने और युवाओं को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो युवाओं के खेल और शिक्षण संस्थानों के विकास के लिए अपनी एक वर्ष की पूरी सांसद निधि लगाने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें उचित मैदान, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की है।

किसानों के मुद्दों पर उन्होंने कहा कि हाल में प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान किसानों से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। किसानों की समस्याओं और सुझावों को सरकार तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। खांडसारी कानून से जुड़े विषय का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों के सुझावों को सरकार के समक्ष मजबूती से रखा गया, जिसके बाद संबंधित प्रस्ताव वापस लिया गया।

किसान, मजदूर और नौजवानों की एकता को बताया ताकत

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

गन्ने के मूल्य का उल्लेख करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि चुनाव के दौरान गन्ने का भाव 400 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक करने का वादा किया गया था, जिसे सरकार ने पूरा किया। उन्होंने एथेनॉल नीति को किसानों की आर्थिक मजबूती से जोड़ते हुए कहा कि इसका प्रस्ताव पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह ने रखा था।

प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में स्थिति बेहतर हुई है। उन्होंने किसानों से अपने हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ने वाले प्रतिनिधियों और शुभचिंतकों को पहचानने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर और नौजवानों की एकता ही समाज की वास्तविक ताकत है। रैली में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment