हापुड़ (शिखर समाचार)
हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए शुक्रवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में व्यापक ध्वस्तीकरण कार्रवाई की। इस दौरान बुलडोजर चलाकर करीब 58 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई से अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों में हड़कंप मच गया।
चक्रसेनपुर में ध्वस्तीकरण
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. नितिन गौड़ ने बताया कि अभियान के तहत गांव चक्रसेनपुर में धर्म सिंह, बलराम सिंह, रामायण, रविंद्र सिंह और श्याम सुंदर शर्मा द्वारा लगभग 20 हजार वर्गमीटर भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को चिन्हित कर ध्वस्त किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़कों के कटान, प्लॉट सीमांकन और अन्य निर्माण कार्यों को जेसीबी मशीनों से हटवा दिया।
फतेहपुर और अन्य क्षेत्रों में कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
गांव फतेहपुर में जितेंद्र, मंजू और लवीश द्वारा करीब 25 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर भी कड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य गिरा दिया गया। इसी क्रम में अमरवीर, योगेंद्र, सुशील और पिंटू द्वारा लगभग 10 हजार वर्गमीटर भूमि पर काटे जा रहे प्लॉटों को भी समाप्त कराया गया। नए बाईपास क्षेत्र में अंकित द्वारा करीब 3 हजार वर्गमीटर जमीन पर अवैध रूप से की जा रही प्लाटिंग को भी मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया।
प्राधिकरण की चेतावनी और आगे की कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/trans-hindon-cyber-police-40-crore-recovered/
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि बिना स्वीकृत मानचित्र और अनुमति के किसी भी प्रकार की प्लाटिंग या कॉलोनी विकसित करना नियमों के विरुद्ध है, जिस पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कार्रवाई के दौरान प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी रही, जिससे अभियान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। टीम ने अवैध निर्माण सामग्री भी जब्त की और संबंधित लोगों को भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियां न करने की सख्त चेतावनी दी। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि आगे भी अवैध प्लाटिंग और निर्माण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
