हापुड़ (शिखर समाचार)। हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण (एचपीडीए) के उपाध्यक्ष आईएएस मुकेश चंद्र ने मानचित्रों एवं प्राधिकरण की विभिन्न संपत्तियों के डिफॉल्टर आवंटियों से एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश शासन के आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की प्राथमिकताओं के अनुरूप संचालित इस योजना का उद्देश्य डिफॉल्टर आवंटियों को राहत प्रदान करना है। योजना की अंतिम तिथि 17 जुलाई 2026 निर्धारित है, इसलिए सभी पात्र आवंटी समय रहते आवेदन कर इसका लाभ अवश्य उठाएं।
41 आवेदन प्राप्त, 33 का निस्तारण पूरा
उपाध्यक्ष आईएएस मुकेश चंद्र ने बताया कि ओटीएस योजना को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है और आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। अब तक योजना के तहत कुल 41 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 33 आवेदनों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है। शेष मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई जारी है।
उन्होंने कहा कि यह योजना उन आवंटियों के लिए सुनहरा अवसर है, जो किसी कारणवश अपनी बकाया देनदारियों का समय पर भुगतान नहीं कर सके। योजना के माध्यम से वे निर्धारित नियमों के तहत अपनी देनदारियों का निस्तारण कर भविष्य की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई से बच सकते हैं।
समय पर आवेदन न करने पर होगी कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
उपाध्यक्ष आईएएस मुकेश चंद्र ने स्पष्ट किया कि जिन डिफॉल्टर आवंटियों द्वारा 17 जुलाई तक ओटीएस योजना के अंतर्गत आवेदन प्रस्तुत नहीं किया जाएगा, उनके विरुद्ध शासनादेश के अनुरूप नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में बकाया वसूली, आवंटन निरस्तीकरण सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जा सकती है।
उन्होंने सभी डिफॉल्टर आवंटियों से अपील की कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना शीघ्र प्राधिकरण कार्यालय पहुंचकर आवेदन करें और शासन द्वारा दी गई इस विशेष राहत योजना का अधिकतम लाभ उठाएं।
