ईटा-1, जीटा-1 और डेल्टा-3 में बने सामुदायिक भवन, क्षेत्रवासियों को मिली बहुप्रतीक्षित सुविधा

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Community halls built in Eta-1, Zeta-1, and Delta-3, providing long-awaited facilities to local residents IMAGE CREDIT TO AUTHORITY

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार) शहर के सुनियोजित विकास की दिशा में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सेक्टर ईटा 1, जीटा 1 और डेल्टा 3 में नवनिर्मित सामुदायिक भवनों को जनता के लिए समर्पित कर दिया है। बृहस्पतिवार को दादरी विधायक तेजपाल नागर और भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने इन सामुदायिक भवनों का शुभारंभ किया। इस पहल से तीनों सेक्टरों के हजारों निवासियों को सामाजिक, पारिवारिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए स्थायी और सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध हो गया है।

ग्रेटर नोएडा में नए सामुदायिक भवन: स्थानीय आयोजनों के लिए सुविधाजनक और नजदीकी विकल्प

ALSO READ:https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/ghaziabad/news/ghaziabad-nagar-aayukt-inaugurates-health-camp-distributes-ppe-kits-to-safai-mitras-137014820.html

शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि लंबे समय से सेक्टरवासियों की मांग थी कि उनके क्षेत्र में ऐसा सामुदायिक स्थल हो, जहां विवाह, पारिवारिक कार्यक्रम, बैठकें और अन्य आयोजन आसानी से किए जा सकें। अब इन भवनों के बन जाने से लोगों को निजी स्थानों या दूर-दराज के सभागारों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्राधिकरण लगातार योजनाबद्ध ढंग से काम कर रहा है।

भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि ग्रेटर नोएडा को एक आदर्श और सुविधासंपन्न शहर बनाने की दिशा में प्राधिकरण के प्रयास सराहनीय हैं। सामुदायिक भवन केवल ईंट-पत्थर की इमारत नहीं होते, बल्कि यह सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग को बढ़ाने का माध्यम भी बनते हैं। इससे क्षेत्र के लोगों में आपसी जुड़ाव मजबूत होगा।

सामुदायिक भवनों का उन्नत स्वरूप: शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक गतिविधियों के लिए आधुनिक केंद्र

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/

प्राधिकरण के परियोजना विभाग के कार्य मंडल पांच के वरिष्ठ प्रबंधक रतिक ने बताया कि ईटा 1, जीटा 1 और डेल्टा 3 में बने इन तीनों सामुदायिक भवनों के निर्माण पर लगभग छह करोड़ छप्पन लाख रुपये की धनराशि व्यय की गई है। भवनों को इस प्रकार विकसित किया गया है कि यहां एक बड़ा सामूहिक सभागार, पुस्तकालय, कार्यालय कक्ष, महिला एवं पुरुषों के लिए पृथक शौचालय, साथ ही वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है। भविष्य में इन भवनों का उपयोग शैक्षिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में भी किया जा सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान बृजपाल राठी, दीपक भाटी, आदेश भड़ाना, अंकित भाटी, डॉ. राजेश शर्मा, दिगपाल सिंह, तेज शर्मा, कंवर सिंह पवार, चौधरी योगेंद्र सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। इसके अलावा कार्य मंडल-पांच तथा विद्युत अभियांत्रिकी विभाग की पूरी टीम भी मौके पर मौजूद रही। सामुदायिक भवनों के शुभारंभ से सेक्टरवासियों में उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला।

Share This Article
Leave a comment