गाज़ियाबाद (शिखर समाचार)। लायंस क्लब हिंडन रीवर द्वारा रॉयल किड्स स्कूल परिसर में आयोजित पांच दिवसीय शिवमहापुराण कथा महोत्सव की शुरुआत बृहस्पतिवार को अद्भुत कलश यात्रा के साथ हुई, जिसने पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक उत्सव का माहौल बना दिया। राजनगर सेक्टर-7 स्थित पार्क से प्रारंभ हुई यह शोभायात्रा पारंपरिक वाद्य, मंगलगीतों और डोली में सजे पवित्र कलश के साथ जब प्रमुख सड़कों पर पहुंची तो श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। राहभर भक्तों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति और उल्लास से सराबोर दिखाई दिया।
शिवमहापुराण: जीवन को दिशा देने वाला मार्गदर्शक—पंडित कमल नयन शास्त्री ने किया मंत्रमुग्ध कर देने वाला व्याख्यान
कथा व्यास उज्जैन के पंडित कमल नयन शास्त्री ने देवराज बृहस्पति, ब्राह्मण और विदुग चंचुला प्रसंग को विस्तारपूर्वक समझाते हुए बताया कि शिवमहापुराण जीवन को दिशा देने वाला ऐसा ग्रंथ है, जो सत्पथ और संयम की प्रेरणा देता है। उनके ओजपूर्ण कथन और सरल व्याख्या ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कथा महोत्सव को सफल बनाने में लायंस क्लब के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन में राजेश गर्ग, रवि प्रकाश गुप्ता, विजय गर्ग, दीपक कुमार अग्रवाल, अतुल भूषण, रानू खट्टर, आशु गुप्ता, संजीव अरोड़ा, शिखा, देवेंद्र मिश्रा, सतेन्द्र बालियान, राजीव बालियान, गौरव अग्रवाल, गौरव गोयल, प्रदीप अग्रवाल, विकास आनंद, ललित मित्तल और शुभम गर्ग समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता दर्ज कराई। भक्ति की अनुभूति से भरा यह आयोजन पहले ही दिन क्षेत्रवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।

