ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चार स्थानों पर विराट हिंदू सम्मेलन, हजारों लोगों की भागीदारी से सामाजिक चेतना का संदेश

Rashtriya Shikhar
5 Min Read
Grand Hindu Conference Held at Four Locations in Greater Noida West; Message of Social Awareness Reached Thousands IMAGE CREDIT TO REPORTER

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शताब्दी वर्ष पूर्णता के अवसर पर देशभर में चल रहे आयोजनों की श्रृंखला के अंतर्गत ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र में भी कई स्थानों पर विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित किए गए। एक मूर्ति चौक के आसपास चार अलग अलग केंद्रों पर संपन्न इन सम्मेलनों में बड़ी संख्या में स्थानीय परिवारों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाजिक एकजुटता का परिचय दिया। कार्यक्रमों की शुरुआत वैदिक विधि से यज्ञ अनुष्ठान द्वारा हुई, जिसके बाद अतिथियों का स्वागत तिलक लगाकर किया गया और मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्वलन संपन्न हुआ। महिला मंडलियों द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई तथा बाल प्रतिभाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय और ऊर्जावान बना दिया।
इन आयोजनों का प्रमुख उद्देश्य हिंदू समाज में संगठन भावना, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक जागरण और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति सजगता को मजबूत करना बताया गया। विशेष आकर्षण बच्चों की प्रस्तुतियां रहीं, जिन्होंने देवी देवताओं और राष्ट्रनायकों की वेशभूषा में मंच पर मनोहारी प्रदर्शन किए। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया और नई पीढ़ी में परंपरा व संस्कृति के प्रति आत्मगौरव का संदेश दिया।

संगठन और समाजसेवा का संदेश: सुशील पंडित व स्वामी प्रेमानंद ने युवाओं और समाज को एकजुटता का आह्वान किया

ALSO READ:https://www.amarujala.com/delhi-ncr/ghaziabad/cold-wave-today-yellow-alert-for-fog-again-from-tomorrow-ghaziabad-news-c-30-gbd1036-802437-2026-01-15?src=top-subnav

सेक्टर 16 बी स्थित गुरु गोविंद सिंह बस्ती क्षेत्र में निराला एस्पायर के सामने एसकेएस वर्ल्ड स्कूल परिसर में आयोजित सम्मेलन में मुख्य अतिथि सुशील पंडित ने अपने संबोधन में समाज को संगठित रहने का आह्वान किया। उन्होंने गुरु गोविंद सिंह के त्याग और बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जीवन साहस, धर्मरक्षा और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है, जो आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है। इस आयोजन में निराला एस्पायर, ला सोलारा, कासा ग्रीन्स, विक्ट्री अमायरा, गुलशन बेलिना, सुपरटेक इको विलेज 3, रॉयल कोर्ट, पंचशील ग्रीन्स 2, अजनारा ली गार्डन सहित आसपास की आवासीय सोसाइटियों से लगभग 1600 लोगों की उपस्थिति दर्ज की गई।
वीर कुँवर सिंह बस्ती, सेक्टर 16 बी स्थित अजनारा होम्स में आयोजित सम्मेलन में मुख्य अतिथि स्वामी प्रेमानंद (बगलामुखी आश्रम, हस्तिनापुर) ने समाज में एकता और जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में अलंकार, सह जिला बौद्धिक प्रमुख, गौतम बुद्ध नगर ने संघ की सौ वर्ष की यात्रा, उसके कार्य और विस्तार पर विस्तार से प्रकाश डाला। यहां एसकेए ग्रीनआर्च, आरजी लक्जरी होम्स, फ्रेंच अपार्टमेंट्स, राधा स्काई गार्डन और अजनारा होम्स से लगभग 1500 लोगों ने सहभागिता की।

धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकता पर जोर: कृष्णा महाराज व प्रमुख वक्ताओं ने पंच परिवर्तन और हिंदुत्व पर साझा किए विचार

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/

टेकजोन 4 स्थित भाऊराव देवरस बस्ती क्षेत्र में स्प्रिंग मेडोज के निकट तिकोना पार्क में हुए सम्मेलन में पीठाधीश्वर पंडित कृष्णा महाराज, श्री परिवार पीताम्बर पीठ ने धर्म, संस्कृति, सामाजिक बंधुता और स्वाभिमान के संरक्षण पर अपने विचार रखे। मुख्य वक्ता राजेश, प्रांत शारीरिक प्रमुख ने पंच परिवर्तन विषय पर विस्तार से जानकारी दी। इस कार्यक्रम में स्प्रिंग मेडोज, ला रेसिडेंसिया, निराला एस्टेट, पटेल निओ टाउन, आम्रपाली सेंचुरियन पार्क और आसपास के क्षेत्रों से करीब 1000 लोगों ने भाग लिया।
चंद्रशेखर आजाद बस्ती की ओर से इटेडा क्षेत्र स्थित भव्य बैंक्वेट परिसर में भी विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि विनोद बंसल ने हिंदुत्व के व्यापक आयामों पर प्रकाश डाला। दिनेश कांडपाल, संपादक, इंडिया टीवी ने सामाजिक समरसता के आधार पर सकारात्मक परिवर्तन लाकर भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने का आह्वान किया। अनुज ने भी पंच परिवर्तन विषय पर विचार रखे। इस आयोजन में इटेडा, गौर सौंदर्यम और आसपास की सोसाइटियों से लगभग 1000 लोगों की उपस्थिति रही। अंत में बस्ती प्रमुख अशोक शर्मा ने सभी अतिथियों और सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share This Article
Leave a comment