गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
नगर निगम ने होली के महापर्व को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। नगर निगम के स्वास्थ्य, जलकल और निर्माण विभाग इस तैयारी में अहम भूमिका निभा रहे हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशानुसार महापर्व होली की तैयारियों के तहत निर्माण विभाग ने होलिका दहन से पूर्व लगभग 250 से अधिक स्थानों पर मिट्टी डलवाई है। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे सीधा सड़क पर होलीका दहन न करें।
निर्माण विभाग ने किए व्यापक इंतजाम
मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी ने पार्षदों से संपर्क कर टीम को होलिका दहन की तैयारी हेतु मिट्टी डालने के निर्देश दिए। वसुंधरा में 15, कवि नगर में 100, विजयनगर में 28, सिटी में 104, इंदिरापुरम में 10 और मोहन नगर में 29 स्थानों पर निगम द्वारा यह कार्य करवाया जा रहा है।
महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद ने बताया कि आवश्यकता के अनुसार होलिका दहन स्थलों पर पानी के टैंकरों की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा रंगों वाली होली के दौरान सुबह, दोपहर और शाम में पानी की आपूर्ति भी सुनिश्चित की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग और स्वच्छता पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश ने बताया कि होलिका दहन के बाद तेजी से सफाई का कार्य किया जाएगा। इंदिरापुरम सहित पांचों जोनों में सफाई और खाद्य निरीक्षकों को विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहरवासियों से स्वच्छ और सुरक्षित होली मनाने की अपील की है, ताकि हर्ष उल्लास के साथ महापर्व का आयोजन सुरक्षित और साफ-सुथरे माहौल में हो सके।
