आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)|
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनाइजिंग के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने जोन-03 के अंतर्गत गुलधर रेलवे स्टेशन के पास मैनापुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई एकड़ जमीन पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान भू-माफियाओं और स्थानीय लोगों ने टीम का जोरदार विरोध किया, लेकिन पुलिस बल के आगे उनकी एक न चली।
भारी विरोध के बीच चला ध्वस्तीकरण अभियान
उपाध्यक्ष के कड़े निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी प्रवर्तन जोन-03 के नेतृत्व में टीम मैनापुर पहुंची थी। यहाँ खसरा संख्या-277, 276, 279, 282, 283 और 286 पर अनिल कुमार, नवीन कुमार, ओंकारनाथ, लोकेश त्यागी और एस. चौहान द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के अनाधिकृत रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी। टीम ने मौके पर बने प्लॉटों की बाउंड्रीवाल, सड़कों और नालियों को बुलडोजर की मदद से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
पुलिस बल ने संभाला मोर्चा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
जैसे ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हुई, वहां मौजूद विकासकर्ताओं और उनके समर्थकों ने काम रोकने का प्रयास किया और हंगामा खड़ा कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण होते देख प्राधिकरण की पुलिस और स्थानीय पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को खदेड़कर कार्रवाई जारी रखी।
प्राधिकरण की अपील: अधिकारियों ने आम जनता को सचेत किया है कि वे भू-माफियाओं के झांसे में न आएं। किसी भी अवैध कॉलोनी में भूखंड खरीदने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य कर लें, अन्यथा उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
मौके पर मौजूद रहा प्रशासनिक अमला
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/trans-hindon-cyber-police-40-crore-recovered/
अभियान के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित समस्त सुपरवाइजर, मेट और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। प्राधिकरण ने स्पष्ट कर दिया है कि शहर के किसी भी हिस्से में अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में अन्य जोन में भी इसी प्रकार की बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
