गाजियाबाद (शिखर समाचार) लगातार हो रही बरसात से जर्जर हुई सड़कों को सुधारने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में गड्ढा मुक्त अभियान तेज कर दिया है। प्राधिकरण के निर्माण अनुभाग द्वारा पिछले तीन दिनों से लगातार चलाए जा रहे इस अभियान के तहत कई प्रमुख सड़कों को मरम्मत कर नया रूप दिया जा रहा है। इस कार्य से क्षेत्र के निवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
गड्ढा मुक्त सड़कें जल्द: उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बरसात में क्षतिग्रस्त मार्गों की प्राथमिकता से मरम्मत का भरोसा दिया
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल ने बताया कि सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाए जाने के बाद स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थीं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत अजनारा इंटिग्रेटी से सोना पैलेस तक 45 मीटर चौड़ी सड़क की मरम्मत कराई गई है। इस सड़क पर डब्ल्यूएमएम भराव के बाद डीजीबीएम और बीसी यानी डामरयुक्त सामग्री से परत डालकर उसे पूरी तरह से नया रूप दिया गया है। इसी तरह ऑफिसर सिटी-1 की सर्विस रोड को भी ठीक कराया गया है।
सड़क सुधार का काम पूरा: सोना पैलेस से गुलमोहर गार्डन तक और वीवीआईपी गेट मार्ग अब गड्ढा मुक्त और यातायात योग्य
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/housing-development-council-ran-a-bulldozer/
सोना पैलेस से गुलमोहर गार्डन सोसायटी के पीछे वाले गेट तक 45 मीटर चौड़ी सड़क को भी मरम्मत कर यातायात योग्य बनाया गया है। इसके अलावा वीवीआईपी गेट से गुलमोहर गार्डन की ओर जाने वाली सड़क, जो लंबे समय से गड्ढों से भरी थी, को पूरी तरह सुधार दिया गया है।
मुख्य बंधा मार्ग से ज्योति सुपर को जोड़ने वाली 24 मीटर चौड़ी सड़क को भी दुरुस्त किया गया है। साथ ही गोल चक्कर के पास मुख्य मार्ग से जुड़ने वाली 30 मीटर चौड़ी सड़क और मुख्य बंधा रोड क्रॉसिंग के आसपास की छतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत पूरी कर ली गई है।
राजनगर एक्सटेंशन में सड़क सुधार अभियान जारी: जल्द ही सभी मार्ग गड्ढा मुक्त, धूल और प्रदूषण नियंत्रण के लिए स्प्रिंकलिंग होगी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/workshop-held-on-voter-revision-campaign/
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार यह अभियान अभी जारी है और शीघ्र ही पूरे राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र की सभी सड़कों को पूरी तरह गड्ढा मुक्त कर दिया जाएगा। साथ ही सड़कों पर नियमित रूप से स्प्रिंकलिंग कराने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि धूल और प्रदूषण पर नियंत्रण रखा जा सके।
इस पहल से न केवल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय निवासियों को सुरक्षित और सुगम यातायात का अनुभव भी मिलेगा।
