गाजियाबाद (शिखर समाचार)। स्वाट टीम क्राइम ब्रांच और औषधि विभाग ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए कैंसर की महंगी दवाईयों की तस्करी और कालाबाजारी करने वाले गैंग का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। गैंग के तीन सदस्य विश्वास त्यागी, आकाश शर्मा और प्रिंस त्यागी को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से केयत्रुड़ा, इन्हेरतु, गेफितिब, बिलीपसा, कैसिट 500 एमजी, ज़ोलास्ता 5 एमएल, नोवोटेक्स 100 एमजी, 8 लाख 85 हजार रुपये नगद और एक एक्सयूवी 700 बरामद की। संवाददाता सम्मेलन में एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह ने बताया कि औषधि विभाग के साथ मिलकर इस गैंग का पर्दाफाश किया गया है। यह गैंग सीजीएचएस की दवाईयों पर से सीजीएचएस का मार्क हटाकर दिल्ली में फर्जी बिल पर बेचा करता था। सीजीएचएस का मार्क हटाने के लिए दिल्ली के मनोज को 3 हजार रुपए दिया करते थे। इनके पास से कैंसर की महंगी दवाईयां और एक्सपायर दवाईयां भी बरामद की गई है। औषधि निरीक्षक आशुतोष मिश्रा ने बताया कि पकड़ा गया विश्वास त्यागी राजनगर एक्सटेंशन में नकली इंजेक्शन का काम किया करता था, जिस कारण वह 2023 में जेल जा चुका है। वहीं अन्य दोनों अभियुक्तों का अपराधीक इतिहास खंगाला जा रहा है। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह पहले दवाईयों को एकत्रित करके उसके ऊपर से सीजीएचएस सप्लाई नॉट फॉर सेल का मार्क दिल्ली से हटवाया करते थे। उसके बाद गाजियाबाद की फार्म से नकली बिल बनाकर दिल्ली में बेच दिया करते थे।
