गाजियाबाद (शिखर समाचार)। नगर निगम का निर्माण विभाग गड्ढा मुक्त अभियान के तहत मुख्य सड़कों और आंतरिक गलियों में मशीनों के माध्यम से पैच वर्क का काम कर रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सड़कों को पूर्ण रूप से गड्ढा मुक्त बनाए रखने के लिए मुख्य अभियंता निर्माण तथा टीम को निर्देश दिए थे। इंदिरापुरम, मोहन नगर, वसुंधरा, विजयनगर, कविनगर तथा सिटी जोन में भी निर्माण विभाग टीम ने गड्ढा मुक्त अभियान चलाया।
नगर आयुक्त ने निर्माण की टीम को छोटे गड्ढों का बड़ा होने से पहले ही भराव करने के लिए कहा था। छोटे गड्ढे समय पर विशेष ध्यान देते हुए भरे जाएं ताकि छोटे गड्ढे बड़े होने पर किसी प्रकार की असुविधा का कारण ना बने।
सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने का अभियान: गुणवत्तापूर्ण मरम्मत और समतलीकरण जारी
अभियान के तहत निगम की प्रमुख सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया गया था। निरिक्षण के बाद छोटे व बड़े गड्ढों को भरा जा रहा है, जिसमें प्रथम चरण में ग्रेन्यूलर सब बेस से गढ्ढे को भरा जा रहा है। उसके बाद तारकोल मैक्स मटेरियल का इस्तेमाल करते हुए समतल कराया जा रहा है। मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि रेडी मिक्स मटेरियल का इस्तेमाल करते हुए निगम की प्रमुख सड़कों को पूर्ण रूप से गड्ढा मुक्त किया जा रहा है। पिछले एक सप्ताह से अभियान जारी है। बड़े गड्ढे के साथ-साथ छोटे गड्ढों का भी भराव किया जा रहा है।
