कोटा/नई दिल्ली (शिखर समाचार)। बहुप्रतीक्षित कोटा–बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का शिलान्यास शनिवार को शंभुपुरा में किया गया। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजारापु राममोहन नायडू मौजूद रहे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल संबोधन के जरिए कोटा-बूंदी सहित पूरे हाड़ौती क्षेत्र के लोगों को बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने वादे को पूरा करने की बात कही
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि नवंबर 2023 में कोटा की यात्रा के दौरान उन्होंने जनता से वादा किया था कि कोटा का एयरपोर्ट केवल सपना बनकर नहीं रहेगा, बल्कि इसे साकार किया जाएगा। करीब 1500 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह एयरपोर्ट क्षेत्र के विकास को नई गति देगा। अब तक कोटा के लोगों को हवाई यात्रा के लिए जयपुर या जोधपुर जाना पड़ता था, लेकिन एयरपोर्ट बनने के बाद यात्रा आसान होगी और व्यापार व निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि हाल ही में उनकी अजमेर यात्रा के दौरान हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया था और लगभग 21 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए थे। एक ही सप्ताह में राजस्थान में दो बड़े विकास कार्यों की शुरुआत यह दर्शाती है कि राज्य तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
कोटा का आर्थिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोटा ऊर्जा उत्पादन का महत्वपूर्ण केंद्र है और हाड़ौती क्षेत्र अपनी सांस्कृतिक और आर्थिक पहचान के लिए भी प्रसिद्ध है। कोटा की कचौरी, डोरिया साड़ी, सैंडस्टोन, धनिया और बूंदी का बासमती चावल देश-विदेश में पहचान बना चुके हैं।
कोटा धार्मिक आस्था का भी प्रमुख केंद्र है। यहां मथुराधीश जी की पावन पीठ, खड़े गणेश जी महाराज और गोदावरी धाम के बालाजी जैसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हैं। हवाई कनेक्टिविटी मिलने से इन धार्मिक और पर्यटन स्थलों को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
एयरपोर्ट निर्माण से औद्योगिक और पर्यटन विकास को बढ़ावा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/registry-offices-will-remain-open-on-sundays/
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि कोटा की जनता का बहुप्रतीक्षित एयरपोर्ट का सपना अब साकार होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट के निर्माण में कई बाधाएं आईं, लेकिन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हाड़ौती क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। वर्ष 2027 तक एयरपोर्ट बनने के बाद कोटा में उद्योगों के साथ-साथ आईटी सेक्टर भी तेजी से विकसित होगा।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कोटा अब रेल, सड़क और हवाई मार्ग से जुड़ने जा रहा है। आने वाले समय में कोटा शिक्षा, उद्योग और उद्यम क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाएगा। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजारापु राममोहन नायडू ने बताया कि लगभग 440 हेक्टेयर क्षेत्र में 3200 मीटर लंबे रनवे के साथ 1507 करोड़ रुपये की लागत से ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण किया जाएगा। एयरपोर्ट के शुरू होने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और कोटा में पर्यटन, शिक्षा तथा उद्योग सहित सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास होगा।
