जनसुनवाई में पांच समस्याएं पहुंचीं, सीवर की शिकायत का तत्काल कराया समाधान

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Five Grievances Raised During Public Hearing; Sewerage Complaint Resolved Immediately IMAGE CREDIT TO नगर निगम

सहारनपुर (शिखर समाचार)। नगर निगम की जनसुनवाई में मंगलवार को नागरिकों की ओर से पांच समस्याएं प्रस्तुत की गईं। इनमें सीवर लाइन की सफाई से संबंधित शिकायत का नगरायुक्त शिपू गिरि ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर सफाई कर्मचारी भेजकर समाधान करा दिया। वहीं स्ट्रीट लाइट से संबंधित तीन शिकायतों के निस्तारण के लिए पथ प्रकाश प्रभारी को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अवैध डेरियों के संचालन से संबंधित शिकायत पर नगर निगम के पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

सीवर सफाई की शिकायत का मौके पर कराया समाधान

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

वार्ड सात नाला पटरी निवासी उस्मान मलिक ने सीवर लाइन की साफ-सफाई कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। नगरायुक्त के निर्देश पर सफाई कर्मचारी भेजकर समस्या का तत्काल समाधान कराया गया। वार्ड 16 शिवाजी नगर निवासी पद्म सिंह शर्मा, वार्ड 66 नदीम कॉलोनी निवासी आसिफ और वार्ड 22 खुमरान पुल निवासी ममता वर्मा ने स्ट्रीट लाइट खराब होने की शिकायत करते हुए उन्हें ठीक कराने की मांग की। नगरायुक्त शिपू गिरि ने पथ प्रकाश प्रभारी को संबंधित स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

अवैध डेरियों की जांच कर कार्रवाई के निर्देश

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

वार्ड छह वर्धमान कॉलोनी निवासी राजीव ने चिलकाना रोड स्थित घास कांटे वाली गली में संचालित अवैध डेरियों को बंद कराने की मांग की। इस पर नगरायुक्त ने पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा को स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान अपर नगरायुक्त सूरज कुमार यादव, मृत्युंजय, सहायक नगरायुक्त विकासधर दुबे, महाप्रबंधक जलकल पुरुषोत्तम कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण सुरेंद्र प्रसाद मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment