हापुड़ (शिखर समाचार)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम का बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीधा प्रसारण किया गया। सहकारिता विभाग एवं उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, बैंक पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की संयोजक उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड की निदेशक सतीश प्रधान रहे। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर तथा जिलाधिकारी कविता मीना, मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
लघु एवं सीमांत किसानों को मिलेगा दीर्घकालीन कृषि ऋण
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसका उद्देश्य लघु एवं सीमांत किसानों को सुलभ और रियायती दर पर दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराकर उनकी कृषि उत्पादकता एवं आय में वृद्धि करना है। योजना के तहत पात्र किसानों को छह लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण छह प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से ऋण की किस्तें जमा करने वाले किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ भी मिलेगा। योजना के लिए प्रदेश सरकार ने 384 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं तथा आगामी पांच वर्षों में करीब पांच लाख किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। कृषि आधारित अन्य गतिविधियों और आवश्यक पूंजीगत निवेश के लिए भी ऋण सुविधा उपलब्ध कराने तथा ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था पर जोर दिया गया।
समय से ऋण चुकाने वाले सदस्य सम्मानित
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक की हापुड़ जनपद स्थित शाखाओं से समय से ऋण अदायगी करने वाले ऋणी सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी अवसर पर प्रदेश में भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ किया गया। सहकारी टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा संचालित इस डिजिटल सवारी वाहन मंच का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ चालकों के आर्थिक सशक्तीकरण, रोजगार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
