हापुड़ (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी हापुड़ कविता मीना ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग के कार्यों एवं जनपद की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अधीक्षण अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता हापुड़, पिलखुवा एवं गढ़मुक्तेश्वर सहित सभी उपखंड अधिकारी मौजूद रहे।
विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और रोस्टर पालन पर जोर
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण, शहरी तथा कृषि फीडरों पर शासन द्वारा निर्धारित विद्युत आपूर्ति अवधि का पूर्ण पालन कराया जाए और अनावश्यक बिजली कटौती को न्यूनतम रखा जाए। उन्होंने उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने तथा विद्युत आपूर्ति की लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार जिला मुख्यालय में 24 घंटे, शहरी एवं तहसील क्षेत्रों में 22 घंटे, ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे तथा कृषि फीडरों पर 10 घंटे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। इसके अलावा आरडीएसएस और बिजनेस प्लान के अंतर्गत चल रहे निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
ट्रांसफार्मर प्रतिस्थापन कार्य में तेजी लाने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
जिलाधिकारी ने क्षतिग्रस्त वितरण ट्रांसफार्मरों के प्रतिस्थापन कार्य पर विशेष ध्यान देते हुए निर्देश दिए कि सभी खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से बदला जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और आपूर्ति बहाली में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में बताया गया कि जनपद में क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों का प्रतिस्थापन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जा रहा है तथा विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विभागीय स्तर पर लगातार कार्य किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रीष्मकाल में बढ़ी हुई मांग को देखते हुए बिजली व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जाए तथा उपभोक्ताओं को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध विद्युत सेवा उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
