बिजनौर (शिखर समाचार) धामपुर थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर सादा में नशे की सनक ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। नशे की हालत में एक युवक द्वारा दो महिलाओं पर किए गए जानलेवा हमले में 80 वर्षीय वृद्धा की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
नशे में उन्मादी युवक ने ग्रामीण महिला पर किया हिंसक हमला
ग्रामीणों के अनुसार गांव निवासी 27 वर्षीय युवक ऋषभ लंबे समय से नशे का आदी है। आरोप है कि नशे की हालत में वह पड़ोस में रहने वाली 62 वर्षीय महिला रुक्मणी के घर में घुस गया और बिना किसी वजह गाली-गलौज करने लगा। जब रुक्मणी ने इसका विरोध किया तो आरोपी आपा खो बैठा और पास पड़ा लोहे का खुरपा उठाकर उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
महिला की चीख पुकार सुनकर पास में रहने वाली 80 वर्षीय वृद्धा उषा देवी बीच बचाव के लिए मौके पर पहुंचीं, लेकिन सिरफिरे युवक ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में उषा देवी के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं।
ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से आरोपी युवक पर काबू
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आरोपी को काबू में किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया।
परिजन दोनों घायलों को तत्काल धामपुर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मुरादाबाद रेफर कर दिया। मुरादाबाद के अस्पताल में उपचार के दौरान 80 वर्षीय उषा देवी ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया।
पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। दूसरी घायल महिला का इलाज अभी जारी है और चिकित्सक उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
