ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने गौतमबुद्ध नगर के दौरे के दौरान देर शाम नोएडा में पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने जिले की संपूर्ण विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, विशेषकर जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट क्षेत्र के लिए तैयारियों की गहन समीक्षा की।
ऊर्जा मंत्री ने जेवर एयरपोर्ट के लिए 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के दिए निर्देश
ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जेवर एयरपोर्ट देश का एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनने जा रहा है, इसलिए यहां चौबीसों घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सर्वोच्च प्राथमिकता के रूप में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आदेश दिया कि किसी भी प्रकार का अनावश्यक शटडाउन तत्काल प्रभाव से रोका जाए, ताकि न उपभोक्ताओं को परेशानी हो और न औद्योगिक इकाइयों की कार्यप्रणाली प्रभावित हो। उन्होंने कहा कि शटडाउन केवल अत्यंत आवश्यक स्थिति में ही लिया जाए और उसकी सूचना समय से पहले दी जाए, जिससे उपभोक्ताओं को असुविधा न हो।
बैठक में ऊर्जा मंत्री ने यह भी घोषणा की कि नोएडा में विद्युत विभाग का एक अत्याधुनिक और नवीन कमर्शियल कार्यालय परिसर स्थापित किया जाएगा। इस एकीकृत भवन में सभी अधिकारी एक ही स्थान पर कार्य करेंगे, जिससे विभागीय तालमेल और कार्यक्षमता में सुधार होगा तथा उपभोक्ताओं तक सेवा की गुणवत्ता और तेजी से पहुंचेगी।
ए.के. शर्मा ने बिजली सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/sihani-gate-police-solved-a-showroom-theft/
ए.के. शर्मा ने विद्युत लाइनों के सुव्यवस्थित रखरखाव, ट्रांसफॉर्मर क्षमता वृद्धि, राजस्व वसूली प्रणाली को मजबूत बनाने तथा उपभोक्ता शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फील्ड कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ता सेवाओं में भरोसा और तेजी दोनों बढ़ें।
समीक्षा बैठक में पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक, सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर, अधिशासी अभियंता सहित विभाग के अन्य उच्च अधिकारी मौजूद रहे।
