हापुड़ (शिखर समाचार) थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के कई मोहल्लों में लंबे समय से जारी जलभराव की समस्या को लेकर मंगलवार सुबह जिला मजिस्ट्रेट अभिषेक पांडेय और एसडीएम सदर इला प्रकाश खुद घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने गंदे, रुक-रुक कर भरे पानी में पैदल चलकर न केवल मौहल्लों की स्थिति का आकलन किया बल्कि स्थानीय लोगों से उनके दैनिक जीवन में आ रही कठिनाइयों के बारे में विस्तार से बातचीत भी की। इस निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तुरंत प्रभाव से समस्या के समाधान के निर्देश जारी किए, जिससे मोहल्लेवासियों में राहत की लहर दौड़ गई।
गढ़ रोड के छह मोहल्लों में बारिश का पानी जमा
जानकारी के अनुसार गढ़ रोड पर देव नंदिनी फ्लाईओवर के आसपास के लगभग छह मोहल्लों में वर्षा के दौरान पानी का जमाव आम समस्या बन चुका है। पुराने और अपर्याप्त नालों के कारण बारिश का पानी सड़कों और गलियों में खड़ा रहता है। इससे न केवल राहगीरों के गिरने और चोटिल होने के मामले बढ़ गए हैं, बल्कि घरों में रहने वाले बच्चे और बुजुर्ग भी बीमारियों के खतरे से दो-चार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में जीवन कठिन हो जाता है और आसपास के मकानों की नींव पर भी असर पड़ रहा है।
जलभराव से बेहाल महिलाएं, देव नंदिनी फ्लाईओवर पर सड़क जाम कर किया जोरदार विरोध प्रदर्शन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/women-protest-due-to-waterlogging/
सोमवार को जलभराव से परेशान महिलाओं ने देव नंदिनी फ्लाईओवर के पास सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जोरदार नारेबाजी की थी। मंगलवार सुबह डीएम और एसडीएम के दौरे ने मोहल्लेवासियों को भरोसा दिलाया कि जलभराव की समस्या को जल्द से जल्द हल किया जाएगा। डीएम पांडेय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था में शीघ्र सुधार किया जाए ताकि बारिश के पानी का जमाव रोका जा सके और स्थानीय लोगों का जीवन सामान्य हो सके।
