गाजियाबाद (शिखर समाचार)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गाजियाबाद दौरे को लेकर डीएम रविन्द्र कुमार माँदड़ ने अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की और उसके बाद कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
सांस्कृतिक और सामाजिक उन्नति के साथ आधुनिकता का संतुलित संगम
यह कार्यक्रम विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश और आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के शताब्दी संकल्प-2047 के समृद्धि पर्व से संबंधित है। इसका उद्देश्य मिशन समग्र विकास के तहत हर नागरिक को घर, पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराना और आर्थिक, सांस्कृतिक तथा सामाजिक विकास को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम तीन मुख्य थीम—अर्थ शक्ति, सृजन शक्ति और जीवन शक्ति—पर आधारित है और इसे 12 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इनमें कृषि एवं समृद्धि, पशुधन संरक्षण, औद्योगिक विकास, आईटी एवं इमर्जिंग टेक्नोलॉजी, पर्यटन, नगर एवं ग्राम्य विकास, अस्थापना, संतुलित विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा एवं सुशासन शामिल हैं।
सफाई, सुरक्षा और सुविधाओं का पूरा ध्यान रखने के लिए अधिकारियों को निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/womens-safety-centers-to-be-established/
डीएम ने बैठक में कार्यक्रम स्थल और मार्गों पर साफ-सफाई, स्वच्छता, सौंदर्यकरण, पार्किंग, विद्युत, प्रकाश, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा की व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर 12 सेक्टरों के अनुसार स्टाल और क्रिएटिव बनाने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में राजस्व, जीडीए, नगर निगम, जल निगम, लोनिवि, शिक्षा और सूचना विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए सभी अधिकारियों को मिनट टू मिनट कार्यक्रम और मार्ग-स्थल निरीक्षण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

