जनसुनवाई में डीएम ने सुनीं फरियादें, पात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
DM Hears Public Grievances During Public Hearing, Directs Officials to Ensure Eligible Beneficiaries Receive Scheme Benefits — IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में जनसुनवाई कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे और प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार और निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पात्र जरूरतमंदों की सहायता करना और पीड़ितों को न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

जनसुनवाई में भूमि एवं संपत्ति पर अवैध कब्जे, राजस्व विवाद, भूमि संबंधी धोखाधड़ी, अवैध अतिक्रमण, सार्वजनिक सुविधाओं, पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने से संबंधित शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों में मौके पर ही तथा वीडियो संवाद के माध्यम से अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों की जांच कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गरीब, असहाय, दिव्यांगजन, विधवा महिलाओं और अन्य जरूरतमंद पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिलाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही निर्देश दिए कि पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित करने की कार्रवाई की जाए।

समस्याओं का समाधान होने पर नागरिकों ने जताया आभार

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/’

जनसुनवाई के दौरान कुछ नागरिक अपनी समस्याओं का समाधान होने पर जिलाधिकारी का आभार जताने पहुंचे। वहीं, खेल और शिक्षा के क्षेत्र में लक्ष्य हासिल करने के लिए जिलाधिकारी के माध्यम से सहयोग प्राप्त करने वाले लोग अपनी सफलता की खुशी साझा करने भी पहुंचे। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ज्योति मौर्य, नगर मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment