हापुड़ (शिखर समाचार)। जिले में किसानों के बीच डीएपी और यूरिया की कमी को लेकर चल रही अटकलों को खारिज करते हुए जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने मंगलवार को साफ शब्दों में स्थिति स्पष्ट की। डीएम ने बताया कि जिले में खाद का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और हर किसान को पारदर्शी तरीके से यह उपलब्ध कराया जा रहा है।
डीएम अभिषेक पाण्डेय ने खाद की कमी की अफवाहों को किया खारिज
उन्होंने मीडिया को अवगत कराया कि हाल ही में एक न्यूज पोर्टल ने एक आपराधिक तत्व का इंटरव्यू प्रकाशित किया था, जो कि तथ्यात्मक रूप से गलत था। यह वही व्यक्ति है, जिस पर यूरिया के डायवर्जन और नकली कीटनाशक बेचने के मामले पहले से दर्ज हैं। डीएम ने कहा कि इस तरह की ग़लत सूचनाओं को फैलाना गंभीर मामला है और प्रशासन इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।
खाद की कालाबाजारी पर नकेल
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/women-protest-due-to-waterlogging/
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने जिले में खाद की कालाबाजारी करने वाले बड़े सिंडिकेट के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है और कोर्ट में संबंधित मुकदमे भी दायर किए गए हैं। उन्होंने किसानों से विशेष आग्रह किया कि यदि उन्हें नकली या घटिया खाद मिले, तो वे तुरंत प्रशासन को सूचित करें ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। डीएम ने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन हर परिस्थिति में किसानों के हितों की सुरक्षा और खाद-संसाधनों की सही आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सतत प्रयासरत है।
