हापुड़ (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी कविता मीना ने शुक्रवार को जनपद के बाढ़ संभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित और संभावित गांवों में राहत सामग्री वितरण, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अस्थायी आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें तत्काल आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों तक समय से राहत सामग्री, भोजन और आवश्यक दवाएं पहुंचाई जाएं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकीय टीमों को तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं, ताकि लोगों को समय पर उपचार मिल सके।
जलभराव वाले क्षेत्रों में एंटी लार्वा का होगा छिड़काव
उन्होंने बाढ़ संभावित गांवों में साफ सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ जलभराव वाले क्षेत्रों में एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों को पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने और संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कविता मीना ने कहा कि प्रशासन बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। किसी भी पीड़ित व्यक्ति को सहायता से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्यों में पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
